श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा सुखद दौर में

संकट से समाधान, बिखराव से एकता और समझौते से लोकतांत्रिक पुनर्स्थापना तक की प्रेरक यात्रा
पिछले कुछ वर्षों से अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा के समक्ष अनेक संगठनात्मक चुनौतियाँ थीं। महासभा संक्रमण के एक ऐसे दौर से गुजर रही थी, जहाँ परिस्थितियाँ धीरे-धीरे बिखराव की ओर बढ़ती दिखाई दे रही थीं। आपसी मतभेद, विवाद एवं विभिन्न कारणों से संगठन की एकता प्रभावित हो रही थी और समाजबंधुओं के मन में महासभा के भविष्य को लेकर चिंता उत्पन्न हो रही थी।
परंतु अब उन पुराने विवादों और कारणों में जाने का कोई विशेष औचित्य नहीं है। समय ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब सद्भावना जागृत होती है, सकारात्मक सोच विकसित होती है और संवाद के रास्ते खुलते हैं, तब कठिन से कठिन परिस्थितियों का भी समाधान संभव हो जाता है।
देर आए, दुरुस्त आए—और अंत भला तो सब भला।
आज अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा जिस सुखद स्थिति में पहुँच रही है, वह निश्चित रूप से समाज के लिए एक शुभ संकेत है। दोनों पक्षों में समझ का उदय होना, सद्विचारों का आना तथा महासभा के हित में मिलकर आगे बढ़ने की भावना जागृत होना वास्तव में अच्छे लक्षण थे।
एक शुभ अवसर से निकला समझौते का सूत्र
एक विवाह वर्षगांठ समारोह के अवसर पर समाज के कुछ चिंतकों एवं शुभचिंतकों के बीच विचारों का आदान-प्रदान हुआ। यह सामान्य बातचीत धीरे-धीरे महासभा की परिस्थितियों पर गंभीर चिंतन और समाधान की दिशा में आगे बढ़ी। सकारात्मक विचारों ने सकारात्मक वातावरण बनाया और इसी विचार-विमर्श से समझौते के सूत्र निकलने प्रारंभ हुए। इस अवसर पर मैं स्वयं भी उपस्थित था।
यह बात एक बार फिर प्रमाणित हुई कि समाज के हित में उठाया गया एक सद्भावनापूर्ण कदम, अनेक जटिल समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। जब उद्देश्य व्यक्तिगत आग्रहों से ऊपर उठकर संगठन की एकता एवं भविष्य को सुरक्षित करना हो, तब संवाद सार्थक परिणाम देने लगता है। इसी सकारात्मक पहल के परिणामस्वरूप समझौता सम का गठन किया गया।
समझौता समिति– धैर्य, विश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय
समझौता समिति के सदस्यों ने निरंतर बैठकें कीं। प्रत्येक बैठक में विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया गया, सभी पक्षों की बात सुनी गई तथा विवादास्पद विषयों का समाधान खोजने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाया गया। समिति ने धैर्य, विवेक, आपसी विश्वास एवं संगठन के व्यापक हित को सर्वोपरि रखते हुए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए। इन निर्णयों को व्यवस्थित रूप देने के लिए एक लिखित समझौता पत्र तैयार किया गया, जिसमें विवादों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का उचित समाधान समाहित किया गया।
समझौता समिति के माननीय सदस्य निम्नलिखित थे—
1. श्री राजेंद्र कुमार जैन, शक्तिनगर, जयपुर
2. श्री महावीर प्रसाद जैन, सेवानिवृत निदेशक सांख्यिकी, सूर्यनगर, तारों की कूट, जयपुर
3. श्री ओमप्रकाश जैन, एडवोकेट, इंद्रपुरी लाल कोठी जयपुर
4. श्री अशोक कुमार जैन, नौगांवा महावीर नगर, जयपुर

ये चारों सदस्य निश्चित रूप से बधाई एवं सम्मान के पात्र हैं। इनके धैर्य, विश्वास, दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के परिणामस्वरूप ही समझौते का सुखद मार्ग प्रशस्त हो सका।
समिति के सदस्यों ने जिस निष्ठा और गंभीरता से इस कार्य को आगे बढ़ाया, वह समाज के प्रति उनके समर्पण का परिचायक है। महासभा के हित में समय देना, विभिन्न विचारों को सुनना, मतभेदों के बीच सहमति बनाना तथा समाधान तक पहुँचने के लिए लगातार प्रयास करना कोई सामान्य कार्य नहीं था। इनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप महासभा आज पुनः अपने वैभवशाली स्वरूप में, एक अखंड संगठन के रूप में खड़ी दिखाई दे रही है।
समझौता पत्र पर हस्ताक्षर – एकता की दिशा में ऐतिहासिक कदम
समझौता समिति द्वारा तैयार किए गए समझौता पत्र पर दोनों पक्षों के पदाधिकारियों ने सहमति व्यक्त करते हुए हस्ताक्षर किए। यह केवल एक लिखित दस्तावेज नहीं था, बल्कि महासभा की एकता, आपसी विश्वास और भविष्य के प्रति सामूहि प्रतिबद्धता का प्रतीक था।
समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले दोनों पक्षों के पदाधिकारी भी हार्दिक धन्यवाद एवं सम्मान के पात्र हैं—
1. श्री त्रिलोक चंद जैन
2. श्री पारस चंद जैन
3. श्री भाग चंद जैन
4. श्री विनोद कुमार जैन
5. श्री महेश जैन
6. श्री अनिल कुमार जैन

इन सभी पदाधिकारियों ने पूर्वाग्रहों को पीछे छोड़ते हुए समझौते के मार्ग को प्रशस्त किया। समझौते के सभी बिंदुओं पर सहमति व्यक्त कर महासभा के निर्वाचन की राह आसान बनाई।
उनका यह निर्णय व्यक्तिगत अथवा पक्षगत सोच से ऊपर उठकर महासभा के व्यापक हित में लिया गया एक महत्वपूर्ण कदम था। इसके लिए वे सभी विशेष रूप से धन्यवाद एवं बधाई के पात्र हैं।
दोनों पक्षों ने अपने-अपने समूहों की बैठकों में समझौता पत्र को अनुमोदित कराकर सहमति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। इससे समझौते को व्यापक स्वीकार्यता मिली और महासभा के निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
यह घटनाक्रम इस बात का उदाहरण है कि संगठन में मतभेद होना असामान्य नहीं है, लेकिन उन मतभेदों का समाधान संवाद, सहमति और आपसी सम्मान से करना ही संगठन की वास्तविक शक्ति है।
निर्वाचन संचालन समिति का गठन – समझौते को कार्यरूप देने की पहल
समझौता पत्र पर हस्ताक्षर होने के पश्चात महासभा के निर्वाचन को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु श्री अशोक कुमार जैन, सेवानिवृत्त RAS, की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय निर्वाचन संचालन समिति का गठन किया गया, जिसमें समझौता समिति के चारों सदस्य भी सम्मिलित थे।
निर्वाचन संचालन समिति के समक्ष एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी— समझौते की भावना को व्यवहार में परिणत करना, निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना, सभी पक्षों का विश्वास बनाए रखना और महासभा को एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से नई केंद्रीय कार्यकारिणी प्रदान करना।
समिति ने अपने दायित्व को गंभीरता से निभाते हुए निर्वाचन की तैयारियाँ प्रारंभ कीं । निर्वाचन कार्यक्रम, मतदाता सूची, नामांकन प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएँ, मतदान स्थल, मतदाताओं की सुविधा तथा विभिन्न आवश्यक कार्यों पर योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्य में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचन संचालन समिति के सभी सदस्यों ने परस्पर समन्वय और सहयोग के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। निर्वाचन संचालन समिति समिति के सदस्यों द्वारा जो कड़ी मेहनत की गई है, उसे मैंने स्वयं ने नजदीक से देखा है तथा महसूस किया है।
नामांकन से मतदान तक — लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सफल संचालन
निर्वाचन संचालन समिति द्वारा दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को जयपुर स्थित श्री पल्लीवाल जैन भवन, मानसरोवर में केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्वाचन हेतु नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। इसके पश्चात निर्वाचन की शेष तैयारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाया गया। अंततः दिनांक 15 नवंबर 2026 को एस. एस. जैन सुबोध गर्ल्स कॉलेज, सांगानेर, जयपुर में अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा के केंद्रीय कार्यकारिणी के निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
यह निर्वाचन महासभा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी। संगठनात्मक मतभेदों और कठिन परिस्थितियों से गुजरने के बाद एक सहमति-आधारित प्रक्रिया द्वारा निर्वाचन संपन्न होना महासभा की एकता, लोकतांत्रिक परंपरा एवं सामूहिक संकल्प की विजय है।
निर्वाचन संचालन समिति के सभी सदस्य भी हार्दिक बधाई एवं धन्यवाद के पात्र
निर्वाचन संचालन समिति के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार जैन, सेवानिवृत्त RAS, तथा समिति के सभी सदस्यों ने समझौते के पश्चात निर्वाचन की जिम्मेदारी को अत्यंत गंभीरता, निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाया।
निर्वाचन आयोजन कोई साधारण कार्य नहीं था। मतदाता सूची तैयार करने एवं व्यवस्थित करने से लेकर नामांकन, निर्वाचन संबंधी नियमों, मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं, विभिन्न क्षेत्रों के मतदाताओं के समन्वय, मतदान की निष्पक्षता तथा मतगणना तक अनेक कार्यों में समय, श्रम एवं धैर्य की आवश्यकता थी ।
निर्वाचन संचालन समिति के प्रत्येक सदस्य ने महासभा के हित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन किया। समिति के सामूहिक प्रयासों से ही निर्वाचन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
समिति के सभी सदस्यों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारियों तथा निर्वाचन कार्य में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का हार्दिक अभिनंदन एवं धन्यवाद।
नई कार्यकारिणी – एक नए अध्याय का शुभारंभ
15 नवंबर 2026 को निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही महासभा के लिए एक नए अध्याय का शुभारंभ हुआ है। हमें आशा है श्री शिखर चंद कोटिया जी की अध्यक्षता में श्री अमित जैन महामंत्री एवं श्री सुशील कुमार जैन अर्थमंत्री सभी कार्यकारिणी सदस्यों को साथ लेकर महासभा को एक नई दिशा प्रदान करेंगे। नवीन केंद्रीय कार्यकारिणी के सामने अब महासभा को और सशक्त बनाने, समाजबंधुओं को जोड़ने, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा महासभा की प्रतिष्ठा एवं वैभव को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है।
यह अपेक्षा स्वाभाविक है कि समझौते से प्राप्त एकता और सद्भावना की भावना भविष्य में भी बनी रहेगी। पुराने मतभेदों को पीछे छोड़कर सभी समाजबंधु संगठन की प्रगति में अपना योगदान देंगे।
आभार—उन सभी के प्रति जिन्होंने महासभा को एकजुट किया
आज महासभा के इस सुखद दौर में पहुँचने पर हम समझौता समिति के चारों सदस्यों के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने संवाद एवं समझौते की नींव रखी।
हम उन सभी पदाधिकारियों के प्रति भी हृदय धन्यवाद व्यक्त करते हैं, जिन्होंने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर कर सहमति को स्वीकार किया तथा अपने-अपने समूहों में समझौते को अनुमोदित कर निर्वाचन का मार्ग प्रशस्त किया।
हम निर्वाचन संचालन समिति के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारियों तथा निर्वाचन में सहयोग करने वाले प्रत्येक समाजबंधु के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, जिन्होंने इस समझौते को सफल निर्वाचन में परिणत किया।
इन सभी के संयुक्त प्रयासों से ही महासभा का निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका और संगठन पुनः एकता एवं स्थिरता की दिशा में अग्रसर हुआ।
सुखद दौर की शुरुआत — एकता ही हमारी शक्ति
अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा का यह घटनाक्रम हमें एक महत्वपूर्ण संदेश देता है— संगठन की वास्तविक शक्ति पद, , प्रतिष्ठा अथवा व्यक्तिगत विचारों में नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, एकता, सद्भावना और सामूहिक निर्णय में निहित होती है।

जब समाज के चिंतक सकारात्मक सोच के साथ आगे आते हैं, जब समझौता समिति धैर्यपूर्वक समाधान खोजती है, जब दोनों पक्ष संगठन के हित में सहमति व्यक्त करते हैं और जब निर्वाचन संचालन समिति निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाती है, तब कठिन परिस्थितियाँ भी सुखद परिणाम में परिवर्तित हो सकती हैं।
महासभा का यह सुखद दौर हम सभी के लिए प्रेरणा है। आशा है कि भविष्य में भी इसी प्रकार एकता, सहयोग, पारदर्शिता एवं संगठन के प्रति समर्पण की भावना बनी रहेगी और अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा निरंतर प्रगति करते हु नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी।
महासभा की एकता, अखंडता एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति समर्पित।

श्रीचंद जैन
 पूर्व महामंत्री
अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा
110, अशोक विहार विस्तार, गोपालपुरा बायपास, जयपुर

Leave a Reply