श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

पदस्थ एवं रूपस्थ ध्यान में पढे णमोकार मंत्र

मन संसार के समस्त जीवो में मनुष्यों के लिये वरदान है. जिससे वह आत्मा परमात्मा का ध्यान लगा सकता है। मन कल्पवृक्ष है जिसके माध्यम से वह मन चाही गतियों में जा सकता है। मन शक्ति है जिससे वह क्षण भर में समेरु पर्वत, सम्मेद शिखर और नंदीश्वर द्वीप की वंदना कर सकता है। मन चिंतामाणि है जिससे वह मन चाही वस्तु का ध्यान कर सकता है। मन के पास सूरज जैसा उजाला है, जिसे वह आत्मा में भर सकता है। मन के पास चंद्रमा जैसी ठंडक भी है जिससे वह शांति प्राप्त कर सकता है। वर्तमान की परिभाषा में मन वह उत्कृष्ट मशीन है जिससे मोक्ष जाने वाला माल तैयार किया जा सकता है।

मन के विषय में मूल ग्रंथ षट्खंडागम में लिखा है मन रहित और मन सहित जीव मिथ्यात्व का कितना बंध करता है। एकेन्द्रिय जीव मिथ्यात्व का अधिक से अधिक एक सागर का बंध करता है, दो इन्द्रिय 25 सागर का, तीन इंद्रिय 50 सागर का, चार इंद्रिय 100 सागर का, मन रहित पंचेन्द्रिय 1000 सागर का, तथा मन सहित पंचेन्द्रिय 70 कोड़ा कोड़ी सागर मिथ्यात्व का बंध करेगा। अर्थात मन आते ही जीव करोड़ो गुना पापों का बंध कर सकता है। लेकिन डरने की बात नहीं है। मन यदि बंध करवा सकता है तो बंध काटने की ताकत मन के पास है यदि व्यक्ति दुश्मन से लड़ना जानता है तो कर्मों से भी लड़ना जानता है। जितने तीर्थंकर या कोई भी आत्मा परमात्मा बनी हैं तो वह मन की शक्ति से ही बनी हैं। वही मन आपको भी मिला मन को सवारने पर हम मन चाहा फल प्राप्त कर सकते हैं।

इंसान का शरीर कुछ नहीं है जो कुछ विशेषतायें हैं वे सब मन की ही हैं। मन ही चोर डाकू है, मन साधु है, मन ईमानदार है, मन ही बेईमान है, मन ही इंजीनियर है, मन ही डाक्टर और व्यापारी है, जाति पाति भी मन से बंटी हुई है। बड़ा होगा तो मन से होगा छोटा होगा तो मन से होगा। मुर्ख या पागल होगा तो मन से होगा और विद्वान होगा तो मन से होगा। अच्छे विचार और बुरे विचार दोनो मन में ही होते हैं। मन ही रत्नों का खजाना है और मन ही कंकड़ पत्थर इकटठे करता है। दुनिया में सबसे बड़ी ताकत मन है। नियम धरम पूजा माला मन के लिये ही की जाती है। दुनिया के सारे धर्म केवल मन को सुधारने के लिये हैं। ज्ञान और ध्यान के माध्यम से मन को स्थिर करके मन को संस्कारित किया जाता है। बिना ज्ञान और ध्यान के पशु और मनुष्य में कोई अंतर नहीं है। शरीर मकान है और मन उसमें रहने वाला है। जरूरी नहीं कि अच्छे मन में अच्छा व्यक्ति निवास करता है। व्यक्ति अच्छा ना हो तो उसे सुधारा जा सकता है। ऐसे ही शरीर में रहने वाले मन को सुधारते ही सब कुछ सुधर जाता है।

मन के द्वारा किया गया विचार कर्म बंध में सबसे बड़ा कारण है। वचन का 5% शरीर का 5% और मन का 90% फल मिलता है। कर्म बंध होता है। क्रोध मान माया लोभ भी मन के विषय हैं। ये दुष्ट कषाय हमारे मन में निवास करती हैं। ये कषाय ही मन के माध्यम से आत्मा को नर्क और पशु गति मे भेज देती है। अतः इस मन को सुधारने के लिये आवश्यक है णमोकार मंत्र को मन मे स्थित किया जाये।

णमोकार मंत्र को सबसे बड़ा मंत्र कहा जाता है, सुना तो है पर प्रैक्टीकल नहीं किया। शास्त्रो में णमोकार मंत्र के लिये कहा है कि यदि भाव णमोकार मंत्र पढ़ा जाये ध्यान से अधिक गहराई में पहुंचा जाये तो केवलज्ञान की प्राप्ति भी हो सकती है। णमोकार का फल इससे बड़ा और क्या हो सकता है। णमोकार मंत्र जब सीधा मोक्ष का कारण हो सकता है तो संसार के सुख तो बहुत छोटी चीज हैं। इस णमोकार मंत्र को पढ़ते-पढ़ते काले बाल से सफेद बाल हो गये पर अभी णमोकार मंत्र को भाव से पढ़ना नहीं सीख पाये। संसार के सारे काम भाव और दिल से होते हैं पर मंत्र को ऊपर-ऊपर से ही पढ़ा जाता है। भाव से पढ़ा गया णमोकार मंत्र हजारो पाप को काट देता है।

कैसे पढ़े णमोकार मंत्र ?

किसी भी किताब में पहले भूमिका होती है, किसी भी कार्य को करने के पहले भूमिका बनाई जाती है। अचानक किये कार्य में सफलता मिले यह पूर्ण संभव नहीं होता अतः जाप करने के पहले भूमिका बनाये यानि अपने मन को पहले शांत करें। मन को शांत करने में आसन की प्रमुख भूमिका है कि आप किस आसन में बैठे हैं। ध्यान एकाग्रता का आसन पद्मासन है जैसे भगवान की मुदा होती है। इस आसन में मन को एकाग्र करने में देर नहीं लगती है। इस आसन से ध्यान की सिद्धि करके मोक्ष तक पहुंचा जा सकता है। अतः सर्व प्रथम पदमासन लगायें फिर हाथों को सावधानी से रखें तथा ओंकार ध्वनि तीन, पांच, सात बार करें फिर जिन तीर्थो पर आप गये हैं उन्हे याद करके भाव नमस्कार करें। पदमासन न लगा सके तो अर्द्ध पदमासन लगालें।

इतना करने पर आपका भटकता हुआ चंचल मन शांत होगा। जैसे तालाब के हिलते पानी में तस्वीर नहीं दिखती वैसे ही चंचल मन से परमात्मा को याद नहीं किया जा सकता। इतना सब कुछ करने पर मन शांत हुआ है। अब पदस्थ ध्यान में णमोकार मंत्र पढ़े। पदस्थ यानि पद पर ध्यान लगाना। णमोकार मंत्र में पांच पद हैं। पहला पद “णमो अरिहंताण”। आँख बंद करके अपने सामने दीवार बनाये और उस पर णमो अरिहताणं लिखें, उसके नीचे “णमो सिद्धाणं” उसके नीचे णमो आइरियाणं उसके नीचे णमो उवज्झायाणं उसके नीचे णमो लोए सव्वसाहूणं अर्थात पूरा णमोकार मंत्र लिख लिया। अब आपको जो णमोकार मंत्र याद है उसे ना पढ़े। जो आपने कल्पना में लिखा है उसे देखकर पढ़े। आपको णमोकार मंत्र याद है वे भूल जाओ। मंत्र देखकर ही पढ़ना। इसे क्रम पर ले आये। और णमोकार मंत्र श्रद्धा से पढ़ते जायें इस तरह पढ़ा गया णमोकार मंत्र हजारों पापों का नाश कर देता है।

रूपस्थ ध्यान में णमोकार मंत्र

णमोकार मंत्र में जिन महान आत्माओं को नमस्कार किया है, उनके रूप को ध्यान में रखकर मंत्र को पढ़ना रूपस्थ ध्यान है। रुपस्थ ध्यान के पहले भूमिका अवश्य बनाये, जो पहले पदस्थ ध्यान में बताई थी। कमर सीधे करके आसन लगाने पर ध्यान ज्यादा देर तक स्थिर रह सकता है। आंखे बंद होना आवश्यक है। रूपस्थ ध्यान में णमोकार मंत्र में पहले अपनी कल्पना में एक समवशरण की रचना करें। उस समवशरण के बीच में कमल के ऊपर अरिहंत भगवान को विराजमान करें। उसी समवशरण के ऊपर चंद्राकार बना के उसमें सिद्ध परमेष्ठी के आकार को विराजमान करें। समवशरण की सभाओं में आचार्य उपाध्याय साधु परमेष्ठी को विराजमान करें। फिर क्रम से णमो अरिहंताण में, अरिहंत भगवान को नमस्कार करें, णमों सिद्धाणं में सिद्ध भगवान को, णमो आइरियाणं में आचार्यो को णमो उवज्झायाणं में उपाध्यायो को और णमो लोए सव्व साहूणं में सर्व साधुओं को नमस्कार करें। और इस क्रम को लगातार करके पूरी माला भी कर सकते हैं। इस ध्यान को करने में जो आंनद आयेगा, वह संसार की किसी भी वस्तु में नहीं मिल सकता।

दूसरे तरह से सामान्य से ध्यान में आंख बंद करके पांच कमल बनाये और जो क्रम से ऊँचे नीचे हो, और उन पर अरिहंत सिद्ध आचार्य उपाध्याय साधु परमेष्ठी को विराजमान कर उन्हें देखते हुये णमोकार मंत्र पढ़ें। अत्यधिक आनंद आयेगा। इस ध्यान से णमोकार मंत्र पढ़ने पर अनंत पापों का नाश होता है।

तीसरा आप कमल की रचना करे पांच पंखुड़ियो वाला उस पर णमोकार मंत्र लिखकर उस पर ध्यान लगायें। इस तरह अलग-अलग तरह से णमोकार मंत्र पढ़ने पर मन एकाग्र होता है और पापों का नाश होता है। कहा जाता है कि णमोकार मंत्र का ध्यान लगाने पर केवल ज्ञान हो जाता है।

ध्यान पूर्वक णमोकार मंत्र पढ़ने पर और भाव णमोकार को आत्म सात करने पर ध्यान लगाने की अधिक जानकारी के लिए आप ज्ञानार्णव ग्रंथ पढ़ें आनंद आयेगा।

गणिनी आर्यिका रत्न 105 श्री स्वस्ति भूषण माता जी

Leave a Reply