भारत की संस्कृति में कुछ रिश्ते ऐसे होते है, जिनकी कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती है एवं जिनकी गहराई को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना संभव नहीं होता। भाई-बहन का रिश्ता भी ऐसा ही अनमोल रिश्ता है जिसमें बचपन की शरारतें है, नोक-झोंक है, रूठना-मनाना है, एक-दूसरे की चिंता है और सबसे बढ़कर जीवनभर साथ निभाने का निश्छल विश्वास है। भाई-दूज का पर्व इसी पवित्र प्रेम, आत्मीयता और पारिवारिक संस्कारो का सुंदर प्रतीक है।
भाई दूज केवल माथे पर तिलक लगाने, मिठाई खिलाने और उपहार देने का त्यौहार नही है, बल्कि यह उस भावनात्मक रिश्ते को फिर से जीवंत करने का अवसर है, जो बचपन से लेकर जीवन की अंतिम साँस तक एक-दूसरे के ह्रदय में विशेष स्थान बनाए रखता है।
बहन के लिए भाई केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि बचपन की यादों का साथी, सुख – दुःख का हमसफर और संकट के समय भरोसे का नाम होता है। वही भाई के लिए बहने घर आँगन की वह आत्मीयता है, जिसकी मुस्कान से परिवार में खुशियों के रंग भर जाते है। बहन की एक छोटी-सी चिंता भाई के मन को व्याकुल कर देती है और भाई की परेशानी बहन के ह्रदय को भीतर तक विचलित कर देती है। बचपन में जिन भाई-बहनों के बीच खिलौने, मिठाईयों और छोटी-छोटी बातों को लेकर झगडे होते थे, वही बडे होने पर दूसरे की खुशियों के लिए अपनी इच्छाओं का त्याग करने लगते है। समय के साथ परिस्थितियाँ बदल जाती है। बहन विवाह के बाद दूसरे घर की जिम्मेदारियों में व्यस्त हो जाती है और भाई अपने परिवार तथा व्यवसाय में उलझ जाता है। कभी दूरियाँ शहरों की होती है, तो कभी व्यस्तताओं की, लेकिन सच्चे भाई बहन के रिश्ते में दूरी कभी दिलों के बीच जगह नहीं बना पाती ।
आज के बदलते सामाजिक परिवेश में “भाई दूज” का संदेश और भी प्रासंगिक हो गया है। आधुनिक जीवन की भाग दौड़, स्वार्थ, प्रतिस्पर्द्धा और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के बीच कहीं न कहीं पारिवारिक रिश्तों में आत्मीयता कम होती दिखाई दे रही है। कई बार संपत्ति, धन-दौलत और छोटी- छोटी गलतफहमियाँ वर्षों पुराने रिश्तों में दरार पैदा कर देती है। ऐसे में भाई दूज हमें याद दिलाता है कि रिश्तों की वास्तविक कीमत धन-संपत्ति से नहीं बल्कि प्रेम, विश्वास, सम्मान और एक दूसरे के प्रति जिम्मेदारी से तय होती है।
यह पर्व भाइयों को भी एक महत्वपूर्ण सीख देता है कि बहन के प्रति उनका दायित्व केवल त्यौहार पर उपहार देने तक सीमित नहीं होना चाहिये । बहन की खुशी, सम्मान, सुरक्षा और कठिन समय में उसका साथ देना ही भाई होने के धर्म का वास्तविक निर्वहन है। इसी प्रकार बहन का स्नेह, सम्मान और भाई के परिवार के पति सद्भाव भी इस रिश्ते को और अधिक मजबूत बनाता है।
एक बात सदैव याद रखनी चाहिए कि भाई-बहन का रिश्ता बराबरी की अपेक्षाओं का नही, बल्कि एक-दूसरे के लिए निःस्वार्थ भाव से खड़े रहने का रिश्ता हैं इसमें अहंकार के लिए स्थान नहीं, क्षमा के लिए ह्र्दय में जगह होनी चाहिए। यदि किसी कारण मनमुटाव हो भी जाए तो पहल करने में संकोच नहीं करना चाहिए, क्योंकि वर्षो पुराने रिश्ते को बचाने के लिए कभी-कभी एक छोटा-सा फोन, एक आत्मीय संदेश या एक कदम आगे बढाना ही पर्याप्त होता है।
भाई दूज का पर्व हमें यह भी सिखाता है कि बहन को केवल पराया धन समझकर विदा कर देना हमारी सोच की संकीर्णता है। विवाह के बाद भी वह अपने मायके की उतनी ही अभिन्न सदस्य रहती हैं, जितनी विवाह से पहले थी। उसका मायका केवल बचपन की स्मृतियों का घर नहीं, बल्कि उसके अपनेपन, अधिकार और आत्मीयता का स्थायी ठिकाना होता है।
अंततः भाई दूज का वास्तविक उत्सव तभी सार्थक होगा, जब तिलक की पवित्रता हमारे व्यवहार में, मिठाई की मिठास हमारी वाणी में और बहन की प्रार्थना का भाव भाई के आचरण में दिखाई दे।
आइए, इस भाई दूज पर हम केवल तिलक मिठाई की परंपरा ना निभाएँ बल्कि अपने रिश्तों में प्रेम, विश्वास, सम्मान और सहयोग की नई ऊर्जा का संचार करें। बहन के चेहरे पर मुस्कान और भाई के ह्र्दय में अपनत्व बनाए रखने का संकल्प लें ।
क्योंकि जिंदगी की राह में धन-दौलत, पद और प्रतिष्ठा सब पीछे छूट जाते है, लेकिन बचपन में बहन के साथ बिताए पल और भाई के साथ जुड़ी यादें जीवनभर ह्रदय में सुरक्षित रहती है।
रिश्तों की यह डोर कभी कमजोर ना हो,
बहन की आँखों में कभी नमी न हो ।
भाई का साया सदा बना रहे बहन पर,
और बहन की दुआओं में भाई को कमी न हो।
इसी मंगलकामना के साथ भाई दूज के पावन पर्व पर सभी भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएँ । ईश्वर करें, यह पवित्र रिश्ता स्नेह, विश्वास, सम्मान और खुशियों के साथ जीवनभर महकता रहे।
भाई – बहन का प्रेम अनमोल है, इसे निभाना ही सबसे बड़ा उपहार है।
न्यायाधीश नगेन्द्र कुमार जैन
(पूर्व मुख्य न्यायाधिपति मद्रास एवं कर्नाटक उच्च न्यायालय)