श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

इष्टोपदेश शास्त्र

गतांक से आगे—

प्रिय आत्मन् !

शिष्टाचार सज्जनता का पहला लक्षण है। और मंगलाचरण से कार्य शुरु करोगे तो संपूर्ण कार्य मंगलमय होगा। एक बार के णमोकार का प्रभाव अंतर्मुहूर्त तक रहता है। यानी भाव सहित णमोकार का स्मरण एक सेकेण्ड भी कर लिया तो उसका प्रभाव रहेगा अंतर्मुहूर्त तक। अंतर्मुहूर्त के बाद आप फिर से कर लीजिए। इससे शुक्ल लेश्या बनी रहती है यही कारण है कि यहाँ पर जीव जिस परिणामों के साथ मरता है उसी परिणाम, उसी लेश्या के साथ अगला जन्म होता है।

णमोकार के साथ मरोगे तो णमोकार के साथ जन्म लोगे ।

महानुभाव! जरा मेरी ओर देखियेगा। मैंने कुछ कार्य किया है, क्या किया, ये पुस्तक है, इसमें कौन से नम्बर का पेज निकलेगा? आप बता सकते क्या? क्यों नही बता सकते? हाँ समझ गये कि मैंने छेपा लगाया उसी तरह परिणामों का प्रक्षेपण हम जब कर देते हैं, उसी परिणाम के साथ हम जन्म लेते हैं। आपने छेपा लगाके पुस्तक बंद कि जब पुनः निकालेगे तो वही निकलेगा। उसी प्रकार जिस परिणाम के साथ मरण हुआ है, उसी परिणाम के साथ जन्म भी होगा।

ये होता है परिणामों का प्रभाव। आप सोते समय जो विचार करके सोयेंगे , जागते समय उन्हीं विचारों से जागेंगे। णमोकार की जाप करके सोये थे तो जागने के साथ णमोकार आयेगा। यदि कोई तनाव, कोई टेंशन में सोयेंगे तो जागते समय भी तनाव रहेगा। इसलिए आचार्य ने कहा प्रत्येक क्रिया का मंगलाचरण होता है। जागरण का मंगलाचरण, शयन का मंगलाचरण, भोजन का भी मंगलाचरण। हाँ हम सिद्ध भक्ति पूर्वक आहार शुरु करते हैं। पहले सिद्ध भक्ति पूर्वक आहार शुरु करते हैं। पहले सिद्ध भक्ति करते कायोत्सर्ग करते फिर आहार शुरु करते।

जिन परिणामों से आहार शुरु करते हैं, उन परिणामों से आहार पूर्ण करते हैं। पूर्ण होने के बाद फिर कायोत्सर्ग करते। आहार का भी मंगलाचरण करता हूँ। सोने के पहले कायोत्सर्ग करना है उसका मंगलाचरण करना। जागने के बाद मंगलाचरण णमोकार करता हूँ। आप तो आप तो केवल स्वाध्याय का मंगलाचरण करते हैं। आचार्य भगवान कहते हैं।

आओ तो मंगलाचरण, जाओ तो मंगलाचरण
सोना है तो मंगलाचरण, जागो तो मंगलाचरण

यहाँ शुद्धि से आते हैं, तब भी नौ बार णमोकार पढ़ते हैं क्योंकि मंत्र शुद्धि ही सबसे बड़ी शुद्धि है।

“या मुनेः यम नियम संयमया शुचि सः शुचि”

जो यम नियम और संयम के द्वारा पवित्र होता है वही पवित्र माना गया है। इसलिए मंगलाचरण परिणामों को पावन बनाता है। नास्तिकता का परिहार, शिष्टाचार का पालन अब क्या है? पुण्य की प्राप्ति। पुण्य (पावन परिणाम) पवित्र परिणाम

“आत्मनं पुनाति इति पुण्यं”

जो आत्मा को पावन कर दे, वह कौन हो सकता है, जो आत्मा को पावन कर दे वह अपना पवित्र भाव, पवित्र परिणाम, अच्छे विचार, उन अच्छे विचारों को पुण्य कहते हैं। पवित्र विचारों को पुण्य कहते हैं। भैया! ये कैसा कार्य चल रहा है? पुण्य कार्य। स्वाध्याय पुण्य कार्य है। प्रवचन पुण्य कार्य है। क्योंकि आत्मा को पवित्र कर रहा है। तो इस पवित्र कार्य में, पुण्य कार्य में सहयोग करो सबका सहयोग अपेक्षित है।

सभी अपना-अपना सहयोग करें। इस तरह से पुण्य कार्य, पवित्र कार्य, शिष्टाचार का पालन, पुण्य की प्राप्ति। चौथा कारण क्या है? निर्विघ्न समाप्ति, मंगलाचरण पूर्वक कार्य किया तो कोई विघ्न नहीं आया। क्योंकि अच्छे कार्य में बहुत सारे विघ्न आते है। इसलिए मंगलाचरण को बढ़ाते जाते हैं, और विघ्न को टालते जाते हैं।

इसलिए जब बड़े अनुष्ठान होते हैं तो बड़ा मंगलाचरण होता है। प्रति दिन एक-एक स्तोत्र का विधान होता है। पंच कल्याणक में बाबूलाल जी पंडित पठा वाले थे। प्रतिदिन एक – एक विधान करते थे एक दिन कल्याण मंदिर विधान, एक दिन एकीभाव विधान साथ में पंचकल्याणक भी चल रहा, साथ में जाप अनुष्ठान भी कराते थे। ग्यारह हजार जाप, सवा लाख जाप, प्रतिदिन जाप भी कराते थे। यानि जितना बड़ा कार्य है उतना बड़ा मंगलाचरण। अधिकांशतः ऐसी हम और आपने ये मान लिया है मंगलाचरण माने कोई गीत, कोई गाथा जो अपने भावों को और समाज के सभासदों को पवित्र परिणाम पैदा कर दे ऐसे परमेष्ठी का स्तवन मंगला चरण कहलाता है।

परमेष्ठी का स्तवन होना चाहिए, अन्यथा मंगलाचरण की बात की और बारह भावना सुना दी। परमेष्ठी का स्तवन मंगलाचरण। मंगल- जीव मंगल, अजीव, मंगल, जीव मंगल को सचित्त मंगल कहते हैं और अजीव मंगल को अचित्त मंगल कहते हैं। और जीवाजीव मंगल संचित्ताचित्त मंगल।

इस तरह तीन तरह का मंगल होता है। मैं जीव हूँ। मंगलमय हूँ अरिहंत, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय, साधु ये क्या है? जीव। ये पाँचों परमेष्ठी जीव मंगल है। इनकी प्रतिमायें अजीव मंगल हैं। जिनवाणी अजीव मंगल है। मैं घुवारा में था। आचार्य विशुद्ध सागर जी और मैं बैठा था, मैंने कहा महाराज श्री आप सभा में प्रतिदिन शास्त्र लेके जाते हो और हो प्रवचन के समय वहाँ पढ़ते तो नहीं। फिर क्यों ले जाते हो?

तो उन्होंने कहा शास्त्र मंगल है। उससे मांगलिक ओरा निकलता है, मांगलिक किरणें निकलती है। हमारे यहाँ कोई भी वस्तु व्यर्थ नहीं है। यदि हमारे टेबल पर शास्त्र रखा है भले ही हमने नहीं भी पढ़ा, तब भी मांगलिक ऊर्जा तो मिलेगी।

शास्त्र मंगल ऊर्जा के स्रोत है। दोसी जी इतने शास्त्र रखे हो, कौन पढ़ता है? शास्त्र को कोई न पढ़े, लेकिन शास्त्र का प्रभाव हम पर तो पड़ता ही पड़ता है। तुम शास्त्र पढ़ते कि नही पढ़ते ये बाद की बात है लेकिन शास्त्र का प्रभाव, यंत्र के प्रभाव तरह पड़ता शास्त्र क्या है। यंत्र का प्रभाव आप पर पड़ता है। कभी आपने यंत्र देखे। विनायक यंत्र, उन यंत्रो को पढ़ा क्या? वेदी पर यंत्र रखे रहते हैं, क्या आप पढ़ते हो? नहीं पढ़ते। तो उनका प्रभाव पड़ता कि नहीं पड़ता ? पड़ता है। इसी तरह से शास्त्रों का भी प्रभाव पड़ता है। कुछ औषधियों हाथ में लेने से फायदा करती है। कुछ औषधियाँ खाने से फायदा करती है। कुछ ऐसी होती है कि एक जगह लटका दीजिए तब भी उसका प्रभाव पड़ेगा। इस तरह से कुछ लकड़ी ऐसी होती है। जिन लकड़ी का प्रभाव ऐसा होता है, कि अपने घर में टाँग दीजिए तो सर्प नहीं आयेगा।

उसी तरह आपने जिनवाणी माँ सामने विराजमान करली तो आपको कुविचार नहीं आयेंगे। नागदमनियाँ होती है, नागदमनियाँ को आप ने दरवाजे पर टाँग दिया, तो सामने से सर्प आ नहीं सकता उसी तरह से, इष्टोपदेश विराजमान है, जिनवाणी विराजमान है, कुविचार जन्म नहीं लेंगे, ये प्रभाव होता है।

सचित्त मंगल + अचित्त मंगल = सचित्ताचित्त मंगल, साधु भी विराजमान हैं, और जिनवाणी भी लिये हैं, तो क्या कहलाया? सचित्ताचित्त मंगल। ये मंगल के भेद हैं।

अभी आपने कलश स्थापन किया। कौन सा कलश? मंगल कलश। कलश भी पूरा भरा हो, भरा हुआ कलश मंगल है। क्योंकि जिस तरह से आत्मा में, ज्ञान परिपूर्ण है। आत्मा में ज्ञान कितना है? आप पूछ रहे थे कलश कितना भरना? बस जितने में पूरा भर जाये, उतना भर दो। कलश भी मंगल, हल्दी भी मंगल, सुपाड़ी फल भी मंगल, लवंग भी मंगल, मंगल में मंगल मिलाके उस कलश को भर दिया (चातुर्मास कलश को) क्यों? कलश भी नहीं रखा, खाली कलश मिले तो अमंगल और भरा मिले तो मंगल, किसी ने कहा महाराज कलश अपन वहीं भर लेंगे बोली के बाद भर लेंगे। मैंने कहा नहीं कलश यहीं से भरके ले जाना है।

मंगल भरके ले जायेंगे तो, मंगल भरके लायेंगे खाली लेके नहीं जाना, तो अपन पूरे भरे कलश ले गये थे। किसी ने कहा उसी परिवार के हाथ से द्रव्य भरवा देंगे। मैंने कहा नहीं, अपन पूरा मंगल करके देंगे उस परिवार को मंगलमय कलश ही देंगे। तो इस तरह से भरा हुआ।

जैसे आत्मा में, केवलज्ञान भरा हुआ है। मंगल कौन है? केवलज्ञान, आत्मा में केवलज्ञान मंगल है। उस मंगल का प्रतीक है, कलश मंगल। अच्छा आत्मा में कितने हिस्से में ज्ञान है? अखण्ड आत्मा है। अखण्ड आत्मा में संपूर्ण आत्म, प्रदेशों में ज्ञान है। यदि सम्पूर्ण में नहीं होता तो पाँव में काँटा, सुई, चुभने पर हमें दर्द नहीं होता।

जहाँ-जहाँ तुम्हें दर्द होता है, समझो वहाँ चेतना है। ज्ञान के बिना दर्द की अनुभूति कौन करेगा? और आनंद की अनुभूति कौन करेगा? आनंद हो रहा है, या दर्द अनुभूति कौन करेगा? ज्ञान होने का मतलब है कि आत्मा है। मृत का लक्षण क्या है? जो अनुभव न कर सके वह मृत है। जो अनुभव कर सके वह जीवित है। और अनुभव हमने पाँव पर चॉबी चलाई, और उसने अनुभव कर लिया। क्या हुआ? अभी यह चैतन्य वाला है। जीवित है। और सुई भी चला रहे, चाकू भी चला रहे, तब भी कोई अनुभूति नहीं हो रही हैं इसका मतलब है कि संवेदन नहीं हो रहा है। इसका मतलब है कि मृत है। आप अनुभव शील हैं।

“जो चेदा, सो णाणं”, “जो चेदा सो आदा”
जो अनुभव करता है, वह आत्मा है,
“आदा णाण पमाणं” णाणं णेयप्पमाण मुद्दिट्ठं।
णेयं लोयालोयं, तम्हा णाणं सव्वगयं ।।
आत्म ज्ञान प्रमाण है। जितना ज्ञान है, उतना आत्मा है। ज्ञान फिर कितना है? “ज्ञान ज्ञेय प्रमाण है” जितना जानने योग्य है उतना ज्ञान है।

ज्ञान ज्ञेय प्रमाण है। ज्ञेय फिर कितना है? जानने योग्य क्या है? “णेयम् लोया लोयम्” लोक अलोक जानने योग्य है तो ज्ञेय लोकालोक प्रमाण है। इसलिए आत्मा भी “लोकालोक प्रमाण” है। आत्मा ज्ञान प्रमाण है। ज्ञान ज्ञेय प्रमाण है। ज्ञेय लोकालोक प्रमाण है। इसलिए आत्मा लोकालोक प्रमाण है।

लोक पूरण समुद्रघात की अपेक्षा, आत्मा के प्रदेश लोकालोक में फेल जाते हैं। हम प्रदेश कि अपेक्षा असंख्यात प्रदेशी हैं। लेकिन ज्ञान कि अपेक्षा सम्पूर्ण जगत को जान सकते हैं, इसलिए लोकालोक प्रमाण वाले हैं।

क्रमश:–

श्रमणाचार्य डॉ. विभावसागर मुनिराज

Leave a Reply