श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

जैन समाज की वर्तमान स्थिति : कुछ विचारणीय बिंदु (4)

लगभग 5 वर्ष पहले जून 2021 को हमने “मिशन 2050” नाम से एक साक्षात्कार (खुद-का खुद-से) प्रकाशित कराया था। मैं स्मरण दिलाना चाहता हैं कि “मिशन 2050” के जरिये हमने यह बताने का प्रयत्न किया था कि यदि हम नहीं बदले तो सन् 2050 तक जैन धर्म समाप्त हो जायेगा। वर्तमान में हमारी स्थिति क्या है. इसकी समीक्षा तो होनी ही चाहिए। यदि हम जैन समाज की इस अवधि की घटनाओं पर प्रकाश डालें तो लगता है कि जैन समाज की स्थिति दिन-प्रतिदिन अधिक अधिक खराब होती जा रही है। इनमें से कुछ बातों चर्चा हम आगे कर रहे हैं.

मांसाहारी जैन

अभी हाल ही में “नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-5” की रिपोर्ट सामने आई है जिसे कई राष्ट्रीय समाचार पत्रों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। इस रिपोर्ट से पता चलता है कि जैन समाज में 14.9% पुरुष तथा 4.3% महिलाएं मांसाहारी हैं। साथ ही इस रिपोर्ट में यह भी लिखा है कि 5.9% जैन शराब का सेवन करते हैं। जैन समाज की यह बहुत ही दुखद स्थिति है। मजे की बात तो यह है कि इस बात से किसी के कान पर जूँ तक नहीं रेंगा, किसी ने कुछ खास टिप्पणी तक नहीं की है। कोई भी इस बात से चिंतित नजर नहीं आ रहा है। सन् 2019 में भी इसी प्रकार की रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी जिसमे 8% जैनों को मांसाहारी बताया था। पुनः उसी प्रकार के आंकड़े आ रहे हैं। कुछ लोग यह कहकर इन्हें गलत बताते रहे हैं की सैंपल साइज़ बहत छोटा था। आंकडों को गलत बताने के बजाय हमें अपने गिरेवान में झाँक कर देखना चाहिए कि हमसे कहाँ पर चूक हुई है।

चमत्कारों का जोर

कुछ दिनों से जैन मंदिरों / मूर्तियों के चमत्कारों, साधुओं के चमत्कारों का बहुत जोर-शोर से प्रचार किया जा रहा है। चौथे काल में चमत्कार होते होंगे, लेकिन आज कोई चमत्कार नहीं होता है। आज चमत्कार मिथ्यात्व का पर्याय है। जो चमत्कार की बात करते हैं वे आम जनता को मूर्ख बना रहे हैं और मिथ्यात्व का पोषण कर रहे हैं। युवाओं में जैन धर्म के प्रति अश्रद्धा उत्पन्न कर रहे हैं। इस पर विराम लगना चाहिए।

हिन्दू मंदिरों की चिंता, जैन मंदिरों की नहीं

हम उन जैन मंदिरों और तीर्थों के लिए चिंतित नहीं हैं जिन्हें बहुसंख्यक हिंदुओं ने बाहुबल तथा शासन के आशीर्वाद से हतिया लिया है। हम तो हिंदुओं के तीर्थों की सुरक्षा के लिए अधिक चिंतित हैं। कुछ जैन ज्ञानवापी, कुतुब मीनार, कृष्ण जन्मभूमि और ताजमहल के लिए परेशान हो रहे हैं। लेकिन इससे जैनों को कुछ लाभ होने वाला नहीं है। क्या कुतुबमीनार जैनों को मिल जायेगा या कृष्ण जन्म भूमि? सब जानते हैं कि दक्षिण के अनेक जैन मंदिरों को हिंदू मंदिरों में परिवर्तित कर दिया गया था। जिस तरह हिंदू ज्ञानवापी के लिए शोर मचा रहे हैं, क्या ये हिन्दू – दक्षिण के उन मंदिरों को जैनों को सौंप देंगे जो कभी जैनों के थे? क्या गिरनार, मंदारगिरि, केसरिया की स्थिति को बदला जा सकता है?

पूज्यनीय व्यभिचारी जैन संत

आए दिन दिगंबर संतों के व्यभिचार के मामले सामने आते रहते हैं। शांतिसागर, सुकुमालनंदी, पुण्यसागर, प्रतीकसागर, नयनसागर, विमदसागर, विश्रांतसागर, अनुभवसागर, सूर्यसागर, शुद्धात्मसागर आदि कुछ ऐसे नाम हैं जो व्यभिचार के कारण सुर्ख़ियों में रहे हैं। इनमें से एक ने आत्महत्या कर ली, दो जेल की हवा खा आए हैं। बाकी सभी यथावत् हैं। ये सभी उसी तरह पूज्यनीय हैं जैसे पहले थे। इतना ही नहीं, जो पीडित पक्ष रहा है उसे प्रायः बेसहारा छोड़ जाता है। उसमे लगता है कि जो एक बार दिगंबर मुद्रा धारण कर ले तो वह कुछ लोगों के सदा पूज्यनीय है चाहें वह व्यभिचार में लिप्त रहा हो। कुछ राष्ट्रीय संस्था तो घटनाओं पर लीपापोती करने के साथ-साथ इनकी पुज्यनीयता का प्रमाण बांटती रही हैं। तो क्या अब हमारे परमेष्ठी व्यभिचारी भी हो सकते हैं?

हिन्दू पद्धति से पूजा-पाठ

आजकल जैन पूजा-पाठ करने में एक नई प्रथा प्रचलित हो गयी है। अब कुछ मंदिराधीश / मठाधीश हिन्दू स्टाइल में तीर्थंकरों का पूजा-पाठ करने / कराने लगे हैं। आम जैनों को यह भाने भी लगा है। फ़िल्मी धुनों पर सब तरह के आधुनिक डांस किये जाते हैं – अधिकतर महिलाओं द्वारा। कुछ दिगंबर संत भी वहाँ बैठ कर महिलाओं के इन डांसों का लुफ्त उठाते नजर आते रहते हैं। हिन्दू त्योहारों, जैसे-नवरात्री, कृष्ण जन्माष्टमी आदि भी बड़े धूमधाम से मनाये जाते हैं। कुछ संतों द्वारा इसे सही सिद्ध करने का भरसक प्रयत्न भी किया जाता रहा है। आजकल नवग्रह शांति निवारण का भी खूब प्रचार हो रहा है जिसका जैन धर्म से कोई संबंध नहीं है।

पैसे का खेल

जहाँ देखो वहाँ पैसे का ही खेल नजर आता है। नव निर्वाण के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं, चाहें उनकी आवश्यकता है या नहीं। धार्मिक आयोजनों में बड़ी-बड़ी बोलियाँ लगती हैं। गरीब तो इन बोलियों की कल्पना भी नहीं कर सकता है। उन्हें इन कार्यक्रमों में मात्र भीड़ इकट्ठा करने के उद्देश्य से आमंत्रित किया जाता है। उनसे कहा जाता है की तुम मात्र अनुमोदना करने के अधिकारी हो। कहीं-कहीं इसके बदले में उन्हें भोजन कराया जाता है। प्रश्न यह है कि क्या अब धर्म भी पैसे वाले ही कर सकते हैं या फिर पैसे वालों का धर्म करने का तरीका अन्य से भित्र होता है?

‘जीतो’ की आलोचना

‘जीतो’ संस्था जैन बच्चों को सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए तैयार करती है। उसके परिणाम भी दिखाई देने लगे हैं। अब हर साल 20-25 बच्चों का IAS आदि में चयन होने लगा है जिनमें अधिकतर बच्चे दिगम्बर समाज के ही होते हैं। यह बहुत ही प्रसन्नता की बात है। ‘जीतो’ संस्था में वैसे तो सभी संप्रदाय के लोग हैं, लेकिन अधिकतर श्वेताम्बर हैं। ‘जीतो’ के मुकाबले सभी दिगंबर लोग मिलकर भी कुछ अधिक कर नहीं पा रहे हैं, इसलिए ईर्षावश् उसकी तथा उसके सदस्यों की अलग-अलग प्रकार से आलोचना करने लगे हैं, उनकी मंशा पर शक करने लगे हैं। हम स्वयं तो कुछ करेंगे नहीं. यदि कोई दूसरा अच्छा कर रहा है तो उसकी आलोचना करेंगे, यह उचित नहीं है। जो अच्छा कार्य कर रहा है तथा अच्छे परिणाम भी दे रहा है उसकी आलोचना नहीं, प्रशंसा करनी चहिये, उन्हें सहयोग करना चाहिए।

ये सब घटनायें जैन समाज और धर्म के हित में नहीं हैं। यदि हम जैन धर्म की रक्षा करना चाहते हैं तो हमें कुछ कारगर कदम उठाने होंगे अन्यथा जैन धर्म सन् 2050 बरसे पहले ही समाप्त प्रायः हो जायेगा।

डॉ. अनिल कुमार जैन
महावीर नगर जयपुर

Leave a Reply