श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

आत्मबोध ही आनंद की अनुभूति

मानव जीवन की परम विडंबना बाह्य अभाव में नहीं, अपने ही नित्य, शुद्ध और चैतन्य में आत्म स्वरूप के विस्मरण में निहित है। मनुष्य जब स्वयं को देह, मन, बुद्धि, संबंध और परिस्थितियों के संकुचित परिमंडल तक सीमित मान लेता है, तब आत्म विस्मृति से मोह उत्पन्न होता है मोह से आसक्ति, आसक्ति से अपेक्षा और अपेक्षा से भय, शोक, असंतोष तथा दु:ख की निरंतर प्रवहमान धाराएं जन्म लेती है।

वस्तुत दु:ख का मूल कारण अज्ञान, एवम बाह्य परिस्थितिया है जो आत्मा के नित्य प्रकाश को आवृत करके मनुष्य को उसके सत्य स्वरूप से विमुख कर देती है। आत्म स्मृति का जागरण होते ही अंतःकरण में विवेक का प्रकाश प्रकट होता है और विवेक के उदय के साथ मोह के बंधन स्वतः शिथिल होने लगते हैं। स्व का ज्ञान ही आत्म स्वरूप का बोध है, यही दु:ख निवृत्ति का मूल, अंतः शांति का आधार और परम आनंद के अनुभूति का द्वार है।

ज्ञानी भगवंत कहते हैं संसार को बदलने से पहले अपने अंतःकरण को बदलो। क्योंकि बाहरी जगत में शांति का बीज उसी ह्रदय में अंकुरित होता है जहां विचारों में पवित्रता, व्यवहार में करुणा और चेतना में आत्मबोध जागृत होता हो। जब आत्मबोध जगाता है वहां भेद मिटने लगता है ,भेद मिटते ही समत्व प्रकट होता है जहां समत्व प्रकट होता है, वहां करुणा जीवन बन जाती है । वही धर्म आत्म स्वरूप में प्रकट होता है ।

मनुष्य जन्म केवल सांसारिक उपलब्धियां के संचय के लिए नहीं, आत्मोन्नति और आत्मबोध के लिए हुआ है । अत: साधक को अपने भीतर की गहराइयों में देखना जरूरी है कि उसे भाव किस दिशा में ले जा रहे हैं। वह अपने आप को जानने में कितना समर्पित है। समस्त साधनाओं का अंतिम प्रयोजन अंतःकरण की पवित्रता ही है। जब विचार निर्माण, भाव शुद्ध और आचरण सात्विक होता हो जाता है तब अंतर चेतन आत्मबोध के प्रकाश के लिए पात्र बनती है।

सच्चा सम्यक ज्ञान वही हो सकता है जो आत्मा को भव के भ्रमण से बचावे और मोक्ष मार्ग पर अग्रसर करें। सद्ज्ञान मानव जीवन की सर्वोच्च विभूति है। उससे अधिक पावन कल्याणकारी और जीवन को परम सार्थकता प्रदान करने वाली अन्य और कोई संपदा नहीं है। ज्ञान केवल संसार के स्वरूप का परिचय नहीं देता, वह अंतःकरण में जिज्ञासा को जागृत करता है “मैं कौन हूं”? यही आत्म जिज्ञासा विवेक को जन्म देती है और विवेक का प्रकाश जीवन की दिशा ,दृष्टि, और ध्येय तीनों का रूपांतरण कर देता है।

आत्मा स्वयं के पुरुषार्थ द्वारा कर्म पुद्गलों को नष्ट कर अपने शुद्ध निर्मल स्वरूप को प्रकट कर सकता है। जब ज्ञान रूपी अग्नि अंतःकरण में प्रज्वलित होती है तब अविद्या, अज्ञान के आवरण, मोह के बंधन और विकारों के संस्कार क्रमशः क्षीण होने लगते हैं। जैसे अरुणोदय की प्रथम किरण के साथ रात्रि का अंधकार अपना अस्तित्व खोने लगता है वैसे ही आत्मज्ञान का प्रकाश अज्ञान जनित भ्रम को विलीन कर देता है। ज्ञान शब्दों का संचय नहीं, चेतना का जागरण है। वह मनुष्य को दृश्य जगत की पहचान से उठाकर दृष्टा के सत्य स्वरूप के साक्षात्कार तक ले जाने वाली अंतः ज्योति होती है। ज्ञान बंधन से मुक्त करता है बंधन काटता है।

ज्ञान आत्मा की महान शक्ति है, निर्मल ज्योति है, अखंड प्रकाश पुंज है। ज्ञान को आत्मा का नेत्र कहा गया है। बाह्य नेत्र दृश्य को देख सकते हैं किंतु ज्ञान का नेत्र दृष्टा का बोध कराता है। जिस प्रकार दृष्टिहीन व्यक्ति अपने सम्मुख विद्यमान सौंदर्य को भी अनुभव नहीं कर पाता, उसी प्रकार आत्मज्ञान से रहित मनुष्य परम तत्व की सर्वव्यापक उपस्थिति में रहते हुए भी उसके सत्य को पहचान नहीं पाता। क्या श्रेय है, क्या प्रेया है ,क्या शाश्वत है क्या ज्ञेय है, क्या हेय है, क्या उपादेय है, क्या क्षण भंगुर है, क्या करणीय है और क्या अकरणीय है , क्या ताज्य है? इनका यथार्थ निर्णय जागृत विवेक और आत्मज्ञान के बिना संभव नहीं। अतः मनुष्य का वास्तविक ऐश्वर्य बाह्य वैभव नहीं अंतर्दृष्टि की निर्मलता और आत्मज्ञान की पवित्रता में है।

परम ज्ञान ग्रंथो, तर्को और शब्दों का मात्र संग्रह नहीं; वह अंतःकरण का परिष्कार और चेतना का संस्कार है। इसके लिए सद्गुरु का सानिध्य आवश्यक है। जो साधक की दृष्टि को अंतर्मुखी करते हैं और उसे बौध भूमि की ओर ले जाते हैं, जहां आत्मा और परमात्मा के संबंध का अनुभव संभव होता है। महापुरुषों का सानिध्य, सत्संग और स्वाध्याय अंतर जागरण के पावन सोपान है। जिनवाणी श्रवण केवल सामान्य श्रवण नहीं है अपितु हृदय में सुप्त भावों के पुनर्जागरण की दिव्य प्रक्रिया है। सत्संग विचारों को संस्कारित करता है दृष्टि को निर्मल करता है और चित्त की गति को विषयों से हटाकर सत्य की ओर उन्मुख कर देता है।

ग्रंथकारों ने कहा है जिनवाणी श्रवण ही जीवन की परम साधना है। श्रवण केवल शब्दों को सुन लेना नहीं; श्रद्धा के तत्व को ग्रहण करना मनन द्वारा उसे गहन करना, और आचरण द्वारा उसे जीवन्त बना देना है । श्रेष्ठ वक्तृत्व की मूलभूमि श्रेष्ठ श्रवण है और श्रेष्ठ आचार्यत्व की प्रथम सीढ़ी श्रेष्ठ शिष्यत्व। जो स्वयं निरंतर सीखता है,साधता है ,आत्मसात करता है ,वही दूसरों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश प्रज्वलित कर सकता है।

आत्मबोध चेतना का संस्कार है । जब मन जिनवाणी से अनुरक्त हो, स्व भाव में स्थिर हो, तथा आत्म साधना शक्ति का स्पंदन अंतःकरण में अनुभूत होने लगे, तब साधना बाह्य अनुष्ठान एवम पर-भाव की सीमा से ऊपर उठकर चेतना के रूपांतरण का माध्यम बन जाती है। स्वयं को परम सत्य के अनुरूप संस्कारित और प्रतिष्ठित करना ही साधना का वास्तविक प्रयोजन है ।

आत्मा बोध की यात्रा कोई बाह्य यात्रा का स्वरूप नहीं, यह अपने ही अंतःकरण से अज्ञान के आवरण हटाकर अपने नित्य स्वरूप में प्रतिष्ठ होने की यात्रा है । अनन्य प्रेम से भक्ति निर्मल होती है ,ज्ञान से विवेक प्रज्वलित होता है सत्संग से चेतन परिष्कृत होती है, श्रवण से अज्ञान क्षीण होता है और शरणागति से अहंभाव का विलय होता है । जब यह सभी धाराएं एक ही परम सत्य की ओर प्रवाहित होती है तब साधक के अंतःकरण में आत्मबोध का वह नि:शब्द प्रभात उदित होता है, जहां खोज का अवसान होता है और अनुभूति का आरंभ।

स्वाध्याय का मर्म केवल ग्रंथो का अध्ययन नहीं, अपने मूल स्वरूप की खोज है। शास्त्र अंतः स्थिति को सत्य तक ले जाते हैं। जब स्व अध्ययन मनन बने मनन निदिध्यासन में परिपक्व हो और निदिध्यासन अनुभूति में परिणत हो, तभी ज्ञान जीवन का प्रत्यक्ष सत्य बनता है । यही चरम परिणति है क्योंकि इस अवस्था में जहां साधक अपने अहंकार, इच्छा, कृतित्व और भोकृत्व के अभिमान को विसर्जित कर देता है। मैं का विसर्जन ही स्व के बोध का प्रवेश द्वार है।

अंतःकरण की निर्मलता के लिए सत्य, अहिंसा, अस्तेय, ब्रह्मचर्य , अपरिग्रह, पंच इंद्रिय मन एवं चार कषाय आदि को नियंत्रित एवं संयमित करना जरूरी है। साधना के पथ पर इनके विपरीत विकार उदित हो तो साधक को विचलित हुए बिना पुनः सद्विचार, सदाचार और आत्म संयम का आश्रय लेना चाहिए। जिस वृत्ति का निरंतर पोषण होता है ,वही अनंतः चित्त की प्रवृत्ति बन जाती है। इसलिए साधना क्षणिक उत्साह नहीं अपितु चेतना का सतत अनुशासन है।

जब अज्ञान का आवरण विदीर्ण होता है तब आत्मप्रकाश प्रकट होता है और जब आत्मप्रकाश प्रकट होता है तब आनंद किसी बाह्य उपलब्धि का परिणाम नहीं रहता वह अपने ही शुद्ध स्वरूप की अनुभूति बन जाता है। यही आत्मबोध है, यही परम शांति है, यही साधना की पूर्णता और यही मानव जीवन का परम पुरुषार्थ है।

जहां तक जीव या आत्मा को स्वयं की शुद्धता का अनुभव नहीं होता वहां तक वह मोक्ष मार्गी नहीं है ,भले ही वह व्रत, समिति- गुप्ति आदि का व्यवहार चारित्र पालता हो और सर्व आगम भी पढ चुका हो। जिसको आत्म शुद्धता आत्मा का अनुभव वर्तता है वही सम्यकदृष्टि है। सूत्र कृतांक सूत्र अध्याय 8 गाथा 22 -23 में कहा है जो पुरुष तत्व के अर्थ से अनभिज्ञ महाभाग संसार में पूजनीय वीर, सम्यकदर्शी, सम्यक ज्ञान आदि से रहित है उनके द्वारा किए हुए तप, अध्ययन और नियम आदि पुरुषार्थ अशुद्ध होते हैं और वे कर्मबंध के कारण ही होते हैं, और जो कर्म विदारण करने में समर्थ और सम्यक दृष्टि हैं उनके तप दान ,अध्ययन नियम आदि सब परलोक संबंधी कर्म शुद्ध और कर्म क्षय के कारण होते हैं। आत्मबोध शाश्वत एवम सत्य के प्रति अडिग निष्ठा साधना एवं पुरुषार्थ की प्रखरता और अखंड आत्म ध्यान आदि दिव्य आधार है। जो मनुष्य के जीवन को सामान्यता से उठा कर सार्थक और अनंत सिद्ध की ओर ले जाते हैं। मनुष्य के भीतर अनंत संभावनाएं विद्यमान है किंतु अज्ञान, प्रमाद, संशय ,आलस्य विकार, भोग वृत्ति उन संभावनाओं पर आवरण डाल देते हैं। इनसे स्वयं व्यक्ति अपने स्वरूप को विस्मृत कर देता है तथा अपनी सबसे अमूल्य निधि आत्म स्वरूप से दूर हो जाता है। इसलिए जीवन का प्रत्यक क्षण जागरूकता, विवेक और आत्म निरीक्षण के प्रकाश में जीना चाहिए। अज्ञान जिसके निवारण का मूल है ज्ञान प्रकाश । सत्संग, अंतकरण में ऐसी विवेक ज्योति प्रज्वलित करता है जिसके प्रकाश में नश्वर और शाश्वत क्षणभंगुर और चिरस्थाई, सत्य और असत्य, नित्य और अनित्य, आत्मा व शरीर का भेद स्पष्ट होने लगता है।

मनुष्य कर्म का मूल्य केवल उसके बाह्य स्वरूप से निर्धारित नहीं होता उसके पीछे छिपे शुभ भाव अंत: प्रेरणा ही उसके वास्तविक स्वरूप को निर्धारित करती है। परिस्थितिया कितनी ही विपरीत क्यों न हो धैर्य विचलित नहीं हो, विश्वास क्षीण नहीं हो अंतः संतुलन भंग नहीं हो,और अंतःकरण पवित्र हो, तभी वह आत्मबोध की पात्रता अर्जित करता है। अतः अपने आप को केवल देह मानकर सीमित न करें। अपने भीतर प्रतिष्ठित चैतन्य का साक्षात्कार करें । जब मनुष्य की दृष्टि देह के भेद से ऊपर उठकर चेतना की एकात्मकता का साक्षात्कार करती है तभी आत्मबोध होता है। तभी साधक को आत्मानुभूति के आनंद का अनुभव होता है। यही आत्मबोध है परमानंद है और और आनंद की यात्रा।

डॉ. पदमचंद गांधी
जयपुर

94149 67294

Leave a Reply