श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

अशोका फ़ाउंडेशन- एक मौन क्रांति

“मानव सेवा ही धर्म है” के ध्येय को लेकर अशोका फाउंडेशन की स्थापना की गई है। अशोका फाउंडेशन का मूल उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं बाल विकास, ग्रामीण सशक्तिकरण और युवा उत्थान के क्षेत्र में कार्य करना है। फाउंडेशन छोटे-छोटे कार्यों के माध्यम से सामाजिक चेतना लाना चाहती है।

11 व 12 जनवरी 2025 को जैन वाटिका नसिया जी, अलवर में फाउंडेशन द्वारा लगातार छठा ‘दिव्यांग शिविर’ आयोजित किया गया जिसमें 450 से अधिक दिव्यांगों को कृत्रिम अंग व उपकरणों का वितरण किया गया। दिव्यांगों के जीवन को सरल बनाने हेतु अशोका फाउंडेशन निरंतर प्रयासरत है। दिव्यांग शिविर में ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर जयपुर फुट, श्रवण यंत्र, बैसाखी, कैलीपर, कृत्रिम हाथ, विजुअल स्टिक आदि का नि:शुल्क वितरण किया जाता है। कृत्रिम अंग व उपकरणों से दिव्यांगों का जीवन सरल बनता है जिससे वह परिवार पर बोझ नहीं रहते और समाज की मुख्य धारा में आ जाते हैं। फाउंडेशन द्वारा अब तक 2500 दिव्यांगों को लाभान्वित किया जा चुका है ।


‘अंधता निवारण महाअभियान’ के अंतर्गत नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। आंखों की रोशनी मनुष्य के लिए वरदान से काम नहीं है। फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. सोनिया धीरज जैन के अनुसार प्रोढ़ों और वृद्धजनों की आंखों में मोतियाबिंद की जांच और उपचार के लिए अशोका फाउंडेशन विगत 8 वर्षों से कार्यरत है। मोतियाबिंद के चयनित मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन जयपुर में करवाया जाता है। मरीजों को जयपुर ले जाना और लाना, रहना, खाना तथा दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई जाती हैं। जिन व्यक्तियों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन होता है सात दिन बाद उनकी आंखों की दोबारा जांच होती है तथा एक महीना होने पर उन्हें आंखों की जांच के बाद चश्मा भी दिया जाता है। अब तक फाउंडेशन ने 4000 मोतियाबिंद के ऑपरेशन करवाए हैं।

अशोका फाउंडेशन के ‘अमृत जलधारा प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य स्थानों पर आरओ मशीन व वाटर कूलर निःशुल्क लगाए जाते हैं।

फाउंडेशन के ‘ग्रीन इनिशिएटिव अभियान’ के अंतर्गत वर्ष 2024 में मानसून के समय सरकारी विद्यालयों व प्रमुख स्थानों पर 7000 पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया। फाउंडेशन द्वारा अब तक 40000 से ज़्यादा पौधों का वितरण किया गया है ।

फाउंडेशन के ‘नशा मुक्ति अभियान’ के तहत वर्ष 2025 में 3500 विद्यार्थियों को नशा न करने की प्रतिज्ञा करवाई गई। फाउंडेशन द्वारा अब तक 25,000 से ज़्यादा लोगों को नशा मुक्ति प्रतिज्ञा करवाई ।

स्कूलों में विद्यार्थियों की आंखों की स्क्रीनिंग कार्यक्रम में जयपुर के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की आंखों की जांच व चश्मा वितरण कार्य भी फाउंडेशन द्वारा किया गया है।फाउंडेशन ने रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान द्वारा जीवन दान के लिए प्रेरित किया है।

झोटवाड़ा शिविर के माध्यम से 28 मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन हुआ

अशोका फाउंडेशन की ओर से संचालित अंधता निवारण महाभियान के तहत 65वें नि:शुल्क नेत्र रोग जांच व उपचार शिविर का आयोजन स्मार्ट किड्स स्कूल लक्ष्मी नगर, झोटवाड़ा जयपुर में किया गया। फाउंडेशन अध्यक्ष डॉ. सोनिया धीरज जैन ने बताया कि फाउंडेशन सघन अभियान चलाकर अंधता के अंत के लिए प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में यह 65वाँ नि:शुल्क शिविर था।
शिविर में 94 मरीजों की आंखों की नि:शुल्क जांच की गई। इनमें से 28 मरीजों का आपरेशन नि:शुल्क कर डिस्चार्ज किया गया। ऑपरेशन के बाद आँखों की जाँच के लिए अब दो फोलोअप भी किए जाएँगे। पहला फोलोअप शनिवार को किया जाएगा। दूसरा फोलोअप अगले माह होगा तब चश्मे भी निःशुल्क उपलब्ध करवाए जाएँगे। इस दौरान दवाइयाँ भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। फाउंडेशन द्वारा अब तक 4000 से ज़्यादा लोगों का निःशुल्क मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया गया है।

Leave a Reply