श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

अलवर के गांव से अबू धाबी तक! पंकज-नीरज भाइयों ने खरीदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फ्रेंचाइजी

सपने बड़े हों और उन्हें पूरा करने का जुनून हो, तो एक छोटे से गांव से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई जा सकती है। अलवर जिले के बड़ौदा कान गांव से जुड़े दो भाइयों, पंकज जैन और नीरज जैन ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। दोनों भाइयों ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखते हुए अबू धाबी टी10 लीग की ‘अरबियन एसेस’ क्रिकेट फ्रेंचाइजी खरीदी है। इस फ्रेंचाइजी के 50 वर्षों के अधिकार मिलने के साथ ही दोनों भाइयों ने खेल जगत में लंबी पारी खेलने की तैयारी शुरू कर दी है। गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फ्रेंचाइजी तक पहुंचने की यह उपलब्धि अलवर जिले के लिए गौरव की बात है। पंकज व नीरज श्री भागचंद जैन बडोदाकन वालो, जो वर्तमान में मानसरोवर, जयपुर में निवास करते है, के सुपुत्र है।

छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर

पंकज जैन ने बताया कि क्रिकेट के क्षेत्र में कुछ बड़ा करने का सपना लंबे समय से था। अब भाई नीरज जैन के साथ मिलकर उन्होंने इस सपने को हकीकत में बदलने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अरबियन एसेस आगामी अबू धाबी टी10 लीग में मैदान पर उतरेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रतियोगिता 7 से 20 नवंबर तक आयोजित होनी है। टी10 क्रिकेट अपने तेज रफ्तार खेल, चौकों-छक्कों की बरसात और रोमांचक मुकाबलों के लिए जाना जाता है। ऐसे में इस लीग में फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना दोनों भाइयों के लिए अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में नई शुरुआत है।

दुनिया के दिग्गज क्रिकेटरों से सजेगी टीम

अरबियन एसेस ने अपने पहले सीजन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई बड़े नामों को टीम से जोड़ा है। इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली, विस्फोटक बल्लेबाज लियाम लिविंगस्टोन और वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर लांस क्लूजनर को टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। अनुभवी खिलाड़ियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच के साथ टीम लीग में अपनी मजबूत पहचान बनाने के इरादे से उतरेगी।

सिर्फ फ्रेंचाइजी नहीं, 50 साल का सपना

पंकज जैन के मुताबिक, अरबियन एसेस उनके लिए केवल एक क्रिकेट टीम या व्यावसायिक निवेश नहीं है, बल्कि लंबे समय से देखा गया सपना है। फ्रेंचाइजी के 50 वर्षों के अधिकार मिलने के बाद उनका लक्ष्य इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान वाला स्पोर्ट्स ब्रांड बनाना है। शुरुआत अबू धाबी टी10 लीग से हो रही है, लेकिन उनकी योजना आने वाले वर्षों में दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों को इस ब्रांड से जोड़ने की है।

उन्होंने बताया कि टी10 लीग की पहुंच टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कई देशों तक है। पिछले सीजन के लिए आयोजकों की ओर से 100 से अधिक देशों में प्रसारण और 32.5 करोड़ से अधिक दर्शक पहुंच का दावा किया गया था।

अलवर की मिट्टी से निकली कामयाबी, गांव में गर्व का माहौल

बड़ौदा कान गांव से जुड़ाव को खास बताते हुए पंकज जैन ने कहा कि अपनी जड़ों को हमेशा याद रखना उनके लिए महत्वपूर्ण है। दोनों भाइयों की यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन सकती है, जो छोटे कस्बों और गांवों में रहकर बड़े सपने देखते हैं। अरबियन एसेस के जरिए उनका प्रयास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाना और आने वाले वर्षों में एक मजबूत स्पोर्ट्स ब्रांड खड़ा करना है।

बड़ौदा कान गांव के दो भाइयों की यह पहल बताती है कि सपनों की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होती। गांव की गलियों से शुरू हुआ सपना अबू धाबी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान तक पहुंच गया है। अब सबकी नजरें अरबियन एसेस के प्रदर्शन और इस नई पारी पर टिकी होंगी।

 

पंकज जैन और नीरज जैन

Leave a Reply