श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

अशोका फाउंडेशन के शिविर में उमड़े लाभार्थी।

दो दिन में 724 जरूरतमंदों को लगाए कृत्रिम अंग व उपकरण

अशोका फाउंडेशन की ओर से रविवार, दिनांक 11 जनवरी को अलवर बस स्टैंड स्थित जैन नसिया जी में 07वां निशक्तजन कृत्रिम अंग व उपकरण वितरण शिविर संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस शिविर में कुल 724 दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग लगाए गए एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों की उपस्थिति रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली से आए वरिष्ठ समाजसेवी अतुल जैन ने कहा कि अशोका फाउंडेशन समाज सेवा का पर्याय बन चुका है। चलनेफिरने में अक्षम लोगों को सक्षम बनाना और उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना सबसे बड़ी सेवा है। सच्ची सेवा वही है, जो जरूरत के समय किसी का सहारा बने और लाभार्थी को अंतर्मन तक खुशी दे। विशिष्ट अतिथि युवा कवि विनीत चौहान एवं राजस्थान नगरपालिका कर्मचारी फेडरेशन के जिला अध्यक्ष हरीश जैन रहे। विनीत चौहान ने कहा कि अंग भंग होने पर जीवन सिमट जाता है, लेकिन अशोका फाउंडेशन ऐसे लोगों को सशक्त बना रहा है, यानी पूरे समाज को सशक्त कर रहा है। हरीश जैन ने कहा कि शिविर में आने वाला हर लाभार्थी समाज का महत्वपूर्ण अंग है, जिन्हें मजबूत बनाकर फाउंडेशन देश सेवा में योगदान दे रहा है। इस अवसर पर भारतीय राजस्व सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. धीरज जैन एवं सीनियर आरएएस जितेंद्र सिंह नरूका ने सभी स्वयंसेवकों एवं सेवार्थियों का सम्मान किया। अशोका फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. सोनिया धीरज जैन ने बताया कि दो दिन में कुल 724 लाभार्थियों का पंजीयन कर उन्हें उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें 130 को ट्राईसाइकिल, 84 को व्हील चेयर, 48 को कैलिपर, 70 को जयपुर फुट, 81 को बैशाखी, 08 को विजुअल स्टिक, 280 को श्रवण यन्त्र तथा 13 जनो को वॉकर प्रदान किये गए।

Leave a Reply