श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

महासभा 2026–2029 : जीत भरोसे की

महासभा में उपजे कुछ विवाद, असंतुष्टों के मुखर स्वर, निरंकुश एवं असंयमित व्यवहार, एक-दूसरे पर लांछन लगाने की होड़, अलग-अलग गुटों का उदय, विधान की अवमानना, आरोप-प्रत्यारोप मढ़ने की दौड़, समाजहित की अनदेखी, नई शाखाओं का गठन, मुकदमों के अंबार, न्यायालयों एवं वकीलों की शरण में जाते पदाधिकारी, व्यक्तिगत छींटाकशी, दोनों गुटों के प्रति तिरस्कार का भाव रखने वाली स्थानीय शाखाएँ, मूकदर्शक बने समाजबंधु, गुटबाजी को हवा देते गणमान्यजन, श्रेष्ठीजन की चुप्पी, कामचलाऊ कार्यकारी पदाधिकारी, अनुदान के आधार पर आवंटित पद एवं सीटें, विधान की सुविधानुसार व्याख्या, पदाधिकारियों को पदच्युत करने के प्रयास, महासभा की सदस्यता पर ग्रहण, महासभा के कोष पर तालाबंदी और यहाँ तक कि डकैती के आरोप!
आनन-फानन में आयोजित सामाजिक सम्मेलन, चकाचौंध करते पांडाल, दर्शक दीर्घा में मूकदर्शक श्रोतागण, मालाएँ, शॉल-दुशाले और बंधेज के साफे धारण किए अग्रिम पंक्ति में विराजमान गणमान्यजन, उच्च ध्वनि यंत्रों के माध्यम से समां बाँधने में माहिर समाजसेवी, करतल ध्वनि की अटूट लय और जोशीले नारों से मदमस्त कर देने वाला माहौल! वहीं श्रोताओं की आँखों में गणमान्यजनों के बीच भविष्य की संभावनाएँ तलाशती आशाएँ।
इस प्रकार महासभा के महारथियों की महाभारत चलती रही। सुबह का नाश्ता, मध्याह्न का स्वरुचि भोज और फिर शायंकाल मोटर अथवा रेलगाड़ी से घर वापसी!
यही हाल, बुरे बीते चार साल, अब आई नई सरकार!
आगामी सत्र 2026–2029 के लिए नव निर्वाचित सदस्यों को हार्दिक बधाई। असफल प्रत्याशियों के हौसले को भी सलाम। नवगठित महासभा को अधूरे सपनों को पूरा करने का अवसर मिला है। यह सोने पर सुहागा होगा।
अब पुरानी बातें और भूली-बिसरी यादें पीछे छोड़कर आगे बढ़ने का समय है। समझौता समिति ने अथक परिश्रम एवं प्रयासों से सभी को पुनः मुख्यधारा में जोड़ने का सराहनीय कार्य किया। वहीं चुनाव संचालन समिति ने अपने अनुभव, निष्पक्षता एवं कुशल संचालन का शानदार उदाहरण प्रस्तुत कर महासभा के आगामी मार्ग को प्रशस्त किया।
यह बड़ी सफलता समाजोत्थान के लिए नई ऊर्जा का स्रोत है। इस ऊर्जा का भरपूर उपयोग किया जाएगा, ऐसा सभी को विश्वास है।
अब समय है कि वैर, पाप और अभिमान को छोड़कर आपसी प्रेम, सद्भाव एवं एकता के साथ समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए नित नए मंगल गीत गाए जाएँ।
अब वैर, पाप, अभिमान छोड़, नित्य नए मंगल गाएँ।

महावीर जैन
नई दिल्ली
मोबाइल: 9818560038

Leave a Reply