श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

185वां नेत्र शिविर – अशोका फाउंडेशन की मुहिम को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की सराहना

अंधता मुक्त समाज के संकल्प के साथ अशोका फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘अंधता निवारण महाभियान’ के अंतर्गत रविवार 15.11.2026 को श्री सत्य साई पीजी महिला महाविद्यालय, जवाहर नगर जयपुर में 185वें विशाल निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया।

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में अशोका फाउंडेशन के मानव सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी के जीवन में रोशनी लौटाना सबसे बड़ा सेवा कार्य है। फाउंडेशन ने नेत्र ज्योति के लिए एक महत्वपूर्ण जनअभियान चलाया है, जिससे समाज के गरीब एवं जरूरतमंद तबके को बहुत लाभ मिल रहा है। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ. सोनिया जैन ने बताया कि शिविर में 533 व्यक्तियों का पंजीयन कर नेत्र परीक्षण किया गया। इनमें से 60 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित हुए हैं, जिनका सोमवार 16.11.2026 को निःशुल्क ऑपरेशन किया गया। इसके अतिरिक्त 300 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री दुर्गादास जी ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभियान को मानव सेवा की प्रेरणादायी मिसाल बताया। कार्यक्रम में पूर्व महापौर श्री अशोक लाहोटी एवं श्री रवि नैयर उपस्थित रहे। मंच संचालन अतुल जैन ने किया। फाउंडेशन के कार्यकर्ता डॉ. धीरज जैन ने बताया कि ऑपरेशन के बाद मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए दो फॉलोअप जांच की जाएंगी। पहली जांच एक सप्ताह तथा दूसरी जांच एक माह बाद होगी। दूसरे फॉलोअप के बाद मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

7500 से अधिक लोगों के जीवन में लौटाई रोशनी

अशोका फाउंडेशन का अंधता निवारण महाभियान अब तक 185 शिविरों के माध्यम से 7,500 से अधिक आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे चुका है। फाउंडेशन का लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी और बेहतर जीवन के रास्ते में बाधा न बने।

Leave a Reply