महासभा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों व दूसरे नंबर पर रहे प्रत्याशियों को भी बधाई व मंगलकामना प्रेषित करते है।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का आगामी कार्यकाल चुनौतियों और आमजन की अपेक्षाओं से युक्त रहने वाला है।
लंबी ऊहापोह के बाद आखिर अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा के आमचुनाव निर्विघ्न और निरापद जयपुर में दिनांक 15 नवंबर 2026 को संपन्न हुए।
अध्यक्ष पद के निर्विरोध और शेष पदाधिकारियों एवं सदस्य को चुनाव सम्पन्न हुए।
ये भी एक सुखद विषय है कि एक ही पैनल के समस्त पदाधिकारियों को मत देकर समाज के आमजन ने अपना विश्वास जताया।
पथ का अंतिम लक्ष्य नहीं है,
सिंहासन चढ़ते जाना।
सर्वसमाज को लिए साथ में,
आगे है बढ़ते जाना।
इतना आगे इतना आगे,
जिसका कोई छोर नहीं।
जहां पूर्णता मर्यादा हो,
सीमाओं की डोर नहीं।
ये अनुभव समाज ने लिया पिछले चुनाव के परिणामों से। अपनें द्वारा हुई भूल का कोर्स करेक्शन करके पूरे पैनल को विजयी बनाया। जिससे कोई बहाना नहीं बचे काम नहीं करने का।
अब बारी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की है, जो विगत वर्षों में महासभा के प्रति आमजन में पैदा हुआ अविश्वास, निर्बल हुई महासभा की छवि को पुन बहाल करना एक चुनौती से कम नहीं होगा।
समाज ने भारी बहुमत से महामंत्री एवं कोषाध्यक्ष को विजय का सेहरा पहनाया है। साथ में अध्यक्ष महोदय का निर्वाचन सर्वसहमति निर्विरोध हुआ।
विपक्ष की भी जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि सजग रहकर मुद्दों को उठाते रहे, जो वादे किए है, उन्हें पूरा करने के लिए प्रेशर ग्रुप(दबाव समूह) के रूप में अपनी भूमिका निभाये
पिछला चुनाव हस्तिनापुर में हुए चुनाव विवाद के बाद अलवर में संपन्न हुए, उसके उपरांत भी महासभा का सम्पूर्ण कार्यकाल उठापटक आरोप प्रत्यारोप की बलि चढ़ गया।
रचनात्मक कार्य के नाम पर शून्य परिणाम रहा। आमजन में महासभा के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था, उस आक्रोश को ठंडा करने का यदि कोई रास्ता है तो वो अब मिलकर एक मत से विभिन्न लंबित मुद्दों पर एकराय बनाकर उन्हें अमलीजामा पहनाने का है।
निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष पद हेतु आदरणीय श्रीमान शिखर चन्द जी कोटिया साहब सरल और शांत स्वभाव के व्यक्तित्व के धनी है।
श्री कोटिया साहब के स्वभाव से तो लगता है कि वो तालमेल व सर्वसम्मति से लंबित मुद्दों पर एक राय बना लेंगे।
लेकिन जो डेंट पिछले वर्षों में महासभा की छवि पर दिखाई देता है, उस डेंट को ठीक करने में कितना समय लगेगा ये समस्त कार्यकारिणी का दायित्व है। बिना समय खोए अब कार्य प्रारंभ करने का है।
समाज का एक मात्र मुख्य पत्र पल्लीवाल पत्रिका प्रकाशन में चंद लोगों के एकाधिकारी की प्रवृत्ति को समाप्त कर, उसे आम समाज की भावना के अनुरूप बनाना है। जिससे समाज की रचनात्मक गतिविधि की जानकारी समाज के आमजन को मिले। पत्रिका की सदस्यता भी बढ़े। इसे समाजोपयोगी बनाया जाए।
समाज की एकमात्र कल्याणकारी योजना “विधवा पेंशन योजना” जो अनियमित है कभी मिलती है कभी नहीं मिलती है उसे नियमित करना दूसरा विधवा पेंशन की राशि में भी समयानुसार वृद्धि हो।
शाखाओं के चुनाव अपनी मर्जी से होते है, कही दो पदों पर होते है तो कही एक पद का चुनाव होता है, उसमें एकरूपता हो, समस्त शाखाओं का विधान के अनुसार चुनाव में एकरूपता हो व महासभा के अधीन हो।
महासभा के पर्यवेक्षण में शाखाओं के चुनाव निर्धारित अवधि में संपन्न हो इसके लिए कार्य हो।
पल्लीवाल महासभा का पृथक से स्वयं का भवन बने। जिसकी घोषणा तत्कालीन कार्यकारिणीया करती रही लेकिन जमीन पर कुछ नहीं हुआ,आजतक कोई भी योजना मूर्त रूप नहीं ले सकी।
समाज के अविवाहित युवक युवतियों का डेटाबेस तैयार हो और उसके अनुरूप सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जाए।
अंतरजातीय विवाह जैसे असाध्य रोग पर भी महासभा द्वारा कार्य हो।
आज इस समस्या ने सामाजिक संतुलन की बिगाड़ दिया है, जिससे समाज के योग्य युवक युवती निर्धारित आयु के पार जाचुके है, उनकी चिंता की जाए।
समाज की बेराजगार युवा शक्ति को रोजगार के कैंप लगाकर उनकी शक्ति का नियोजन कर रोजगार प्रयास किए जाए।
कर्ममय जीवन रचे हम
समाज का कल्याण हो,
चिर पुरातन समाज का
फिर से नया निर्माण हो।।
समाज के आर्थिक रूप से दुर्बल परिवारो के युवाओं की शिक्षा व परिजनों की चिकित्सा हेतु एक कोष स्थापित किया जाए जिससे इनकी मदद हो सके।
चुनाव के दौरान जो मनमुटाव कषाय उत्पन्न हुआ है, उसे अपने आपसी संवाद समन्वय से समाप्त करने की दिशा में भी महासभा के द्वारा प्रयास हो।
निर्माणों के पावन युग में
हम चरित्र निर्माण ना भूले,
स्वार्थ चेतना की आंधी में
पूर्वजों का सम्मान ना भूले।।
विवाहों में इवेंट के नाम पर व अन्य बढ़ते व्यय पर कमी आए इसके लिए महासभा के द्वारा मानसिक प्रबोधन कार्य चलाया जाए।
महासभा का कोष, जो पिछले कई वर्षो से नहीं बढ़ा अपितु जो था उसने भी कमी आई है, उसे आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया जाए।
निष्कर्त: चुनाव के दौरान उत्पन्न हुईं कटुता को भुलाकर सबके साथ आत्मीयता से प्राप्त सुझावों पर विचार कर आगे बढ़ते जाए।
शुद्ध सात्विक प्रेम अपने
कार्य का आधार हो,
और ऐसे प्रेम में
ईश्वर स्वयं साकार हो।।
सादर।
पवन कुमार जैन परवैनी
जयपुर