
राजस्थान सरकार की राजस्थान फाउंडेशन द्वारा 77वें राजस्थान स्थापना दिवस पर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. सोनिया धीरज जैन को विशेष सेवा सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उन प्रवासी राजस्थानियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन लाया हो। मूलतः राजस्थान की निवासी और वर्तमान में दिल्ली में रह रही डॉ. सोनिया जैन ने वर्ष 2013 में अशोका फाउंडेशन की स्थापना की। “मानव सेवा ही धर्म है” के उद्देश्य से शुरू हुआ यह फाउंडेशन आज शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, नशा मुक्ति और दिव्यांग सेवा जैसे कई क्षेत्रों में सक्रिय है। फाउंडेशन द्वारा नेत्र सेवा अभियान के तहत अब तक 140 शिविरों में 6600 से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन निःशुल्क कराए गए हैं। वहीं, दिव्यांग सेवा शिविरों के माध्यम से 3500 से अधिक लोगों को कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। अमृत जलधारा परियोजना के अंतर्गत 20 से अधिक संस्थानों में वाटर कूलर स्थापित कर हजारों बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा 49,000 से अधिक पौधों का रोपण और 70,000 से अधिक लोगों को नशा मुक्ति अभियान से जोड़ा गया है। डॉ. सोनिया जैन का मानना है कि सेवा केवल दान नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है। उनका यह कार्य आज समाज के लिए प्रेरणा बन रहा है।