श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

एक कार्यकाल का समापन… ढेर सारी खट्टी-मीठी यादों और अनेक अनुभवों के साथ

जय जिनेन्द्र जी सभी को 🙏🙏🙏

आज हमारी कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण हो गया। इस कार्यकाल के दौरान अनेक खट्टे-मीठे अनुभव रहे। कुछ अच्छी यादें बनीं, एक दूसरे से परिचय हुआ ,
आपस में जानकारी बढ़ी ।लेकिन कुछ ऐसे पल भी आए जिन्होंने मन को बहुत आहत किया और कुछ ऐसी परिस्थितियाँ भी बनीं, जिनका शायद हमने कभी अनुमान भी नहीं लगाया था।

जब हमने इस कार्यकारिणी में प्रवेश किया था, तब मन में बहुत उत्साह, उमंग, जोश और समाज के लिए कुछ बेहतर करने का बड़ा जज़्बा और संकल्प था। ऊर्जा भी भरपूर थी और उम्मीदें भी बहुत थीं। मन में विश्वास था कि सभी के सहयोग, आपसी समझ और सामूहिक प्रयासों से समाजहित में अच्छे और सार्थक कार्य कर पाएँगे।

लेकिन प्रारम्भ से ही परिस्थितियाँ जटिल होती चली गईं। प्रारम्भ से ही आपसी सामंजस्य स्थापित नहीं हो पाया। विचारों में भिन्नता रही, अपेक्षाओं में अंतर रहा और कुछ परिस्थितियाँ ऐसी बनीं कि जिस ऊर्जा और उत्साह के साथ हमने शुरुआत की थी, उसका सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आ सका। सबसे अधिक अफ़सोस इसी बात का रहा कि चाहने के बावजूद हम सब एकमत होकर, एक दिशा में मिलकर आगे नहीं बढ़ पाए।

किसी भी संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता, आपसी विश्वास और सामूहिक निर्णयों में होती है। पद और जिम्मेदारियाँ तो समय के साथ बदलती रहती हैं, लेकिन आपसी संबंध और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी हमेशा बनी रहनी चाहिए।

ख़ैर… जीवन और सामाजिक संगठनों में हर अनुभव कुछ न कुछ सिखाकर जाता है। इस कार्यकाल ने भी हमें बहुत कुछ सिखाया। कहाँ धैर्य रखना चाहिए, कहाँ संवाद की आवश्यकता होती है , कहाँ पारदर्शिता चाहिए और सामंजस्य कितना महत्वपूर्ण है, इसका एहसास भी हुआ।

अब समय है बीती बातों को पीछे छोड़कर नई शुरुआत का स्वागत करने का।

“बीती ताहि बिसार दे, आगे की सुध ले।”

हम सभी एक ही समाज का हिस्सा हैं। हमारी पहचान, हमारे रिश्ते और हमारा सामाजिक जुड़ाव किसी पद या कार्यकारिणी तक सीमित नहीं हैं। मतभेद होना स्वाभाविक है, विचारों का अलग होना भी गलत नहीं है, लेकिन इन मतभेदों को कभी मनभेद में नहीं बदलना चाहिए।

हमारी यही कामना और अपेक्षा रहेगी कि आने वाले समय में नई कार्यकारिणी को सभी का भरपूर सहयोग, विश्वास और मार्गदर्शन मिले। जो कमियाँ हमारे कार्यकाल में रह गईं, उन्हें आगे सुधारा जाए और अब समाज को एकजुटता के साथ नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास हो।

हमारी ओर से यदि कार्यकाल के दौरान जाने-अनजाने में किसी को कोई ठेस पहुँची हो, किसी की भावना आहत हुई हो या किसी बात से किसी को असुविधा हुई हो, तो उसके लिए हृदय से क्षमाप्रार्थी हैं।

साथ ही, जिन्होंने इस पूरे सफर में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग दिया, समय दिया और साथ निभाया, उन सभी का हृदय से आभार।

आज हम कार्यकारिणी के दायित्वों से विदा ले रहे हैं, समाज से नहीं। पद का कार्यकाल समाप्त हुआ है, सामाजिक संबंधों और जिम्मेदारियों का नहीं।

अंत में बस इतनी-सी बात कहना चाहूँगी-
रास्ते अलग हो सकते हैं, विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन हमारा समाज एक है। आने वाले समय में हम सब एक-दूसरे का सम्मान करें, एक-दूसरे की भावनाओं को समझें और समाजहित को व्यक्तिगत विचारों से ऊपर रखें।

ईश्वर से यही प्रार्थना है कि हमारे समाज में सदैव प्रेम, सौहार्द, एकता और भाईचारा बना रहे।

मतभेद कितने भी हों, मनभेद कभी न हों।
पद आते-जाते रहेंगे, लेकिन अपनेपन के रिश्ते हमेशा बने रहें।

इन्हीं भावनाओं के साथ कार्यकारिणी के सभी साथियों को धन्यवाद देते हुए इस कार्यकाल को विराम देते हैं और विदा लेते है,।
सादर आभार एवं शुभकामनाएँ। 🙏🙏🙏

सुनीता जैन “सुनीति “
भरतपुर

Leave a Reply