श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

त्याग-सुख का बीज

एक राजा था, एक बार किसी ज्योतिषी ने ग्रहों की शांति के लिए उससे कहा तुम एक दिन एक व्यक्ति से भीख माँगो । राजा कहता है, ठीक है; और वह राजा अपने रथ पर आरूढ़ होकर भीख माँगने निकल पड़ा। उसी नगर में एक भिखारी था। वह सोचता है इतने दिन हो गये भीख माँगते-माँगते लेकिन अभी तक सुख का एक दिन भी व्यतीत नहीं किया, क्योंकि भीख माँगने में पर्याप्त सामग्री नहीं मिलती थी। वह सोचता है आज तो मैं राजा के यहाँ भीख माँगने जाऊँगा । तो मुझे काफी भीख मिलेगी फिर मैं आनंद से जीवन व्यतीत करूँगा और वह भीख माँगने के लिये राजमहल की ओर चल पड़ा । दोनों अपने स्थान से भीख मांगने के लिये चले, चलते चलते दोनों रास्ते में मिल जाते हैं। भिखारी राजा को देखकर खुश हो गया कि चलो, राजा यहीं मुझे मिल गये, मैं इससे बहुत सारी भीख मागूँगा। और राजा भी भिखारी को देखकर सोचता है चलो, मुझे एक व्यक्ति मिल गया जिससे मैं भीख मागूँगा । राजा जैसे ही भिखारी को देखता है रथ से उतरता है, और उससे भीख माँगता है । वह भिखारी जब भीख माँगने निकला था तो अपनी झोली में कुछ चावल डालकर निकला था। जैसे ही उसने राजा के मुख से सुना कि मुझे भीख दो, तो उसे आश्चर्य होता है, कि राजा साहब क्या कह रहे हैं ? भिखारी सोचता है, मैं स्वयं भिखारी हूँ और बहुत विचार करता है और अपनी झोली में हाथ डालता है जैसे-तैसे उसके हाथ में चावल का एक दाना जाता है और वह राजा को दे देता है । राजा महल वापिस चला जाता है और भिखारी घर चला जाता है । घर पहुँचने पर उसकी पत्नि उसे देख कर बोली कि आज आप इतने उदास क्यों है ? भिखारी बोला- कुछ नहीं । वह पुनः पूछती है-कि आज आप इतने उदास क्यों हैं? वह बोला कि आज राजा मुझसे भीख माँगने आया था, मुझे उसको भीख देनी पड़ी । तभी उसकी पत्नि उस झोली को देखती है कि उसमें एक दाना सोने का है। पत्नि पति से कहती है-आज तुम्हें किसने भीख दी है। वह बोला – किसी ने नहीं । पत्नि, पति को वह सोने का चावल निकाल कर बताती है तो वह भिखारी अपने सिर को पकड़ लेता है कि धिक्कार हो मुझे, यदि मैं मुठ्ठी भर दाना दे देता तो कितना सारा धन मिल जाता । सोचो, जब एक दाने का त्याग करने (दान करने) का फल इतना है तो जो संसार के समस्त सुखों का त्याग करेगा, वह मोक्ष के अनंत सुखों को निश्चित ही प्राप्त करेगा। क्योंकि त्याग, सुखों का बीज है ।

Leave a Reply