श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

श्रावकाचार

श्रावक का अर्थ

श्रावकाचार का तात्पर्य है-गृहस्थ का धर्म। श्रावक शब्द का सामान्य अर्थ है-सुनने वाला। ‘जो गुरुओं के उपदेश को श्रद्धापूर्वक सुनता है, वह श्रावक है। श्रावक शब्द तीन अक्षरों के योग से बना है- श्र, व और क इसमें ‘श्र’ श्रद्धा का, ‘व’ विवेक का तथा ‘क’ कर्त्तव्य का प्रतीक है। इस प्रकार श्रावक का अर्थ करते हुए कहा गया है कि जो श्रद्धालु और विवेकी होने के साथ-साथ कर्त्तव्यनिष्ठ हो, वह श्रावक है। श्रावक के अर्थ में उपासक, सागार, देश-विरत, अणुव्रती आदि अनेक शब्द आते हैं। गुरुओं की उपासना करने वाला होने से उसे उपासक आगार/घर सहित होने से सागार, गृही या गृहस्थ तथा अणुव्रतधारी होने से अणुव्रती, देशव्रती या देशसंयत कहा जाता है।

श्रावक के भेद- व्रतों के परिपालन क्रमानुसार श्रावक के तीन भेद किये गये हैं-पाक्षिक, नैष्ठिक और साधक।’

पाक्षिक श्रावक

पाक्षिक का अर्थ है जो जिनेन्द्र भगवान् के पक्ष को ग्रहण कर चुका है। पाक्षिक श्रावक की श्रेणी में वे सभी श्रावक आ जाते हैं जो जिनेन्द्र भगवान् के पक्ष को ग्रहण करते हैं तथा जैन कुल क्रमानुसार अपना आचरण रखते हैं। यह गृहस्थ की प्राथमिक भूमिका है। इस भूमिका वाले श्रावक में सभी आवश्यक नैतिक गुण आ जाते हैं।

जैन-आचार शास्त्रानुसार एक आदर्श गृहस्थ वही है, जो न्यायपूर्वक आजीविका उपार्जन करता है। गुणी पुरुषों एवं गुणों का सम्मान करता है। हितकारी और सत्य वाणी बोलता है। धर्म, अर्थ और काम रूप तीन पुरुषार्थों का परस्पर अविरोध से सेवन करता है। इन पुरुषार्थों के योग्य स्त्री भवन आदि को धारण करता है। लज्जाशील होता है, अनुकूल आहार-विहार करने वाला होता है। सदाचार को अपने जीवन की निधि मानने वाले सत्पुरुषों की सेवा में सदा तत्पर रहता है। हिताहित विचार में दक्ष, जितेन्द्रिय और कृतज्ञ होता है। धर्म की विधि को सदा सुनता है, उसका मन दया से द्रवीभूत रहता है तथा पाप-भीरु होता है। उक्त चौदह विशेषताओं से भूषित व्यक्ति ही एक आदर्श गृहस्थ की श्रेणी में समाविष्ट होता है।’

अष्ट मूलगुण

देव, गुरु और धर्म के प्रति समर्पित पाक्षिक श्रावक गृहस्थ को मद्य, माँस, मधु, रात्रि-भोजन, पीपल, ऊमर, बड़, कठूमर/अंजीर, पाकर सदृश पञ्च उदुम्बर फलों का त्याग, अरिहन्त, सिद्ध, आचार्य, उपाध्याय और साधु नामक पञ्च परमेष्ठियों की स्तुति, जीव दया तथा पानी को वस्त्र द्वारा अच्छी तरह छानकर पीना यह आठ मूल गुण हैं। ये जैनों के मूल चिह्न हैं। जिस प्रकार मूल/जड़ के शुद्ध और पुष्ट होने पर वृक्ष भी सबल और सरस होता है, उसी प्रकार मूलभूत उपर्युक्त नियमों से जीवन के पवित्र होने पर साधक मुक्ति-पथ पर प्रगतिशील हो जाता है।

उपर्युक्त आठों बातें अहिंसा की दृष्टि से कही गयी हैं, अर्थात् एक जैन श्रावक को इतने नियमों का पालन तो अवश्य ही करना चाहिए। इसके बिना वह नाम का जैनी भी नहीं कहला सकता। जैन होने के ये मूल चिह्न हैं। मद्य, माँस एवं मधु तो स्पष्ट हिंसा के कारण होने से त्याज्य ही हैं, क्योंकि इनके सेवन में संकल्पी हिंसा है तथा इस प्रकार का आहार मनुष्य की प्रकृति के विरुद्ध भी है। कुछ लोग तथाकथित अहिंसक शहद को जो मधुमक्खियों के उड़ने/उड़ाने के बाद निकाली जाती है खाने की सलाह देते हैं। उनकी यह दलील है कि उसमें मधुमक्खियों का घात नहीं होता, अतः उसके खाने में कोई दोष नहीं है, लेकिन उनकी उक्त मान्यता ठीक नहीं है। शहद का सेवन किसी भी अर्थ में निर्दोष नहीं है, क्योंकि शहद तो मधुमक्खियों की उगाल थूक है। किसी भी प्राणी के उच्छिष्ट पदार्थ का सेवन शिष्टजन नहीं करते तथा उस शहद में अन्य भी छोटे-छोटे त्रस जीव पाये जाते हैं। अतः एक गृहस्थ के लिए तो यह त्याज्य ही है। बड़, पीपल, पाकंर, ऊमर (गूलर), कठूमर (अंजीर) इन पाँचों फलों से दूध निकलने के कारण ये क्षीर फल भी कहलाते हैं। इनके अन्दर बहुसंख्या में त्रस जीव पाये जाते हैं। अतः इनका भी त्याग करना चाहिए।

जल गालन

जल में अनेक त्रस जीव पाये जाते हैं। वे इतने सूक्ष्म होते हैं कि दिखाई नहीं पडते। आधुनिक वैज्ञानिकों ने सुक्ष्मदर्शी यन्त्रों की सहायता से देखकर एक बूँद जल में 36450 जलचर जीव बताये हैं। जैन ग्रन्थों के अनुसार उक्त जीवों की संख्या काफी अधिक है। ऐसा कहा जाता है कि एक जल-बिंदु में इतने जीव पाये जाते हैं कि वे यदि कबूतर की तरह उड़ें तो पूरे जम्बूद्वीप को व्याप्त कर लें।’ उक्त जीवों के बचाव के लिए पानी को वस्त्र से छानकर पीना चाहिए। मनुस्मृति में भी “दृष्टिपूतम् न्यसेत् पादम् वस्त्रपूतम् पिबेत् जलम्” कहकर जल छानकर पीने का परामर्श दिया गया है। अनछना पानी पीने से हिंसा की सम्भावना तो रहती ही है, अनेक प्रकार के रोगों का शिकार भी होना पड़ता है। आजकल तो चिकित्सक भी छना जल पीने की ही सलाह देते हैं। वस्त्र द्वारा पानी छानने का प्रमुख उद्देश्य करुणा है, उसके साथ-साथ अनेक रोगों से भी बचाव हो जाता है। भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा ने एक धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए इन्दौर की एक घटना सुनाकर पानी छानकर पीने का महत्त्व बताते हुए कहा था कि “कुछ दिन पूर्व इन्दौर के एक मुहल्ले में एक विशेष प्रकार का रोग फैला, जिसमें पूरा-का-पूरा परिवार बिस्तर पकड़ लेता था। एक सीमित क्षेत्र में ही रोग के प्रभावी होने से चिकित्सक चिन्तित थे। उस समय यह भी देखा गया कि उस मोहल्ले के जैन परिवार में इस रोग का लक्षण नहीं दिखा। डॉक्टर इससे चकित थे। बाद में खोज करने पर मालूम हुआ कि वॉटर टैंक जिससे कि पूरे मोहल्ले में पानी वितरित होता था, कई दिनों से उसमें एक चिड़िया मरी पड़ी थी। उसके पूरे शरीर में कीड़े पड़े थे। इसी कारण पूरा पानी विकृत हो गया था, वह विषाक्त पानी ही रोगों का कारण बना था।” जैन परिवारों में इस रोग का प्रभाव न होने का कारण छने जल का उपयोग ही था।

आजकल जो नल का पानी आता है कई बार उसमें नाली का पानी भी आ जाता है। कभी-कभी नल के पानी में केंचुएँ भी देखे गये हैं, ऐसी घटनाएँ आये दिन समाचार-पत्रों में छपती रहती हैं। अतः पानी को छानकर ही पीना चाहिए।

पानी छानने की विधि

जिससे सूर्य का बिम्ब न दिख सके, ऐसे अत्यन्त गाढ़े वस्त्र को दोहरा करके जल छानना चाहिए। छन्ने की लम्बाई उसकी चौड़ाई से डेढ़ गुनी होनी चाहिए।’ ऐसा करने से अहिंसा व्रत की रक्षा होती है तथा त्रस जीव उस वस्त्र में ही रह जाते हैं, जिससे छना हुआ जल त्रस जीवरहित हो जाता है। त्रस जीवों का रक्षण होने से माँस-भक्षण के दोषों से बचा जाता है। जल छानने के बाद छन्ने में बचे जल को एक-दूसरे पात्र में रखकर उसके ऊपर छने जल की धार छोड़नी चाहिए उसके बाद उसे मूल स्रोत में पहुँचा देना चाहिए। इसके लिए कड़ीदार बाल्टी रखी जाती है, जिसे जल की सतह पर ले जाकर उड़ेला जाता है, ऐसा करने से उनको धक्का नहीं लगता तथा करुणा भी पूरी तरह पलती है। उक्त क्रिया को जीवाणी कहते हैं। छना हुआ जल एक मुहूर्त तक, सामान्य गर्म जल छः घण्टे तक तथा पूर्णतः उबला जल चौबीस घण्टे तक उपयोग करना चाहिए। इसके बाद उसमें त्रस जीवों की पुनरुत्पत्ति की सम्भावना रहने से उनकी हिंसा का डर रहता है।

रात्रि भोजन का त्याग

रात्रि-भोजन का भी प्रत्येक गृहस्थ को त्याग करना चाहिए। रात्रि में भोजन करने से त्रस हिंसा का दोष लगता है। भले ही बल्ब आदि के प्रकाश में आप अपने भोजन को देखते हैं, किन्तु उसमें पडने वाले जीवों को नहीं बचा सकते। कुछ कीट-पतंग तो उनके प्रकाश में ही आते हैं और भोज्य-सामग्री पर गिरते रहते हैं। अतः रात्रि में भोजन करने से त्रस हिंसा से बचा नहीं जा सकता। दिन में सूर्य-प्रकाश होने के कारण उनका स‌द्भाव नहीं पाया जाता। इसका कारण सूर्य – प्रकाश में पायी जाने वाली अल्ट्रावायलेट (Ultravoilet) और इन्फ्रारेड (Infrared) नाम की अदृश्य किरणें हैं। सूर्य के प्रकाश में उक्त दोनों नाम वाली, अदृश्य और गर्म किरणें निकलती रहती हैं। उसके प्रभाव से सूक्ष्म जीव दिन में यहाँ कहीं छिप जाते हैं तथा नये जीवों की उत्पत्ति नहीं होती। रात्रि होते ही वे निकलने लगते हैं। सूर्य-प्रकाश के अतिरिक्त प्रकाश के किसी अन्य स्रोत में उक्त किरणें नहीं पायी जातीं। इसलिए रात्रि होते ही ये निकलने लगते हैं। यही कारण है कि बरसात की ऋतु में दिन में बल्ब जलाने पर भी कीड़े नहीं आते। अतः त्रस हिंसा से बचने के लिए रात्रि-भोजन का त्याग अनिवार्य है।

रात्रि भोजन स्वास्थ्य की दृष्टि से भी हानिकर है। चिकित्सा शास्त्रियों का अभिमत है कि कम से कम सोने के तीन घण्टे पूर्व तक भोजन कर लेना चाहिए।

जो लोग रात्रि भोजन करते हैं वे भोजन के तुरन्त बाद सो जाते हैं जिससे अनेक रोगों का जन्म होता है। दूसरी बात यह कि सूर्य-प्रकाश में केवल प्रकाश ही नहीं होता, अपितु जीवनदायिनी शक्ति भी होती है। सूर्य प्रकाश से हमारे पाचन-तन्त्र का गहरा सम्बन्ध है। जिस प्रकार सूर्य का प्रकाश पाकर कमलदल खिल जाते हैं तथा उसके अस्त होते ही सिकुड़ जाते हैं, उसी प्रकार जब तक सूर्य प्रकाश रहता है तब तक उसमें रहने वाली गर्म किरणों के प्रभाव से हमारा पाचन तन्त्र ठीक काम करता है। उसके अस्त होते ही उसकी गतिविधि मन्द पड़ जाती है, जिससे अनेक रोगों की सम्भावना बढ़ जाती है अतः रात्रि में भोजन का त्याग करना ही चाहिए। पाक्षिक श्रावक यदि रात्रि भोजन का पूरी तरह से त्याग नहीं कर पाता तो कम से कम पान, दवा, जल, दूध आदि की छूट रखकर अन्य स्थूल आहार का त्याग तो करना ही चाहिए।’ इसी तरह पाक्षिक श्रावक को पञ्च परमेष्ठि की पूजा/स्तुति एवं प्राणियों पर जीव-दया का भाव भी रखना चाहिए।

क्रमश:—-

मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज

Leave a Reply