श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा

(पल्लीवाल, जैसवाल, सैलवाल सम्बंधित जैन समाज)

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा के चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न : चुनाव संचालन समिति के प्रयासों की महती भूमिका

🌹सभी समाजजनों को भगवान महावीर के निर्वाण महोत्सव दीपावली की हार्दिक बधाई🌹

वीर निर्वाण संवत् 2553 के मंगल शुभागमन पर पल्लीवाल जैन समाज में नई आशा, नई रोशनी, नव चेतना, नव जागृति , नए विश्वास का संचार होकर निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुए हैं। सभी को वीर निर्वाण संवत् 2553 की अनन्त अनन्त शुभकामनाएं 🌹🌹🌹

अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा के चुनाव श्री अनिल कुमार जैन (सेवानिवृत आई.पी.एस.) मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में दिनांक 15 नवंबर 2026 को जयपुर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गए। इन चुनावों में देश के विभिन्न प्रांतों, शहरों, कस्बों एवं गांवों से समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। चुनाव में करीब 4700 मत डाले गए, जो समाज की जागरूकता, संगठन के प्रति विश्वास एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का परिचायक है।

चुनाव परिणामों में अध्यक्ष पद पर श्री शिखर चंद जी कोटिया निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं महामंत्री पद पर श्री अमित जैन एवं अर्थमंत्री पद पर श्री सुशील कुमार जैन दोनों भारी मतों से विजयी हुए। सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय सदस्यों एवं महिला सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं तथा सफल एवं सार्थक कार्यकाल की मंगलकामनाएं।

इन चुनावों का शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना समाज के लिए एक सुखद एवं महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका श्रेय सभी समाजजनों एवं चुनाव संचालन समिति को जाता है। साथ ही, निवर्तमान पदाधिकारियों का भी बहुत बहुत आभार एवं धन्यवाद।

महासभा में विगत समय में उत्पन्न मतभेदों एवं चुनाव संबंधी जटिल परिस्थितियों के बीच आपसी सहमति, संवाद, धैर्य एवं सामंजस्य स्थापित करना आसान कार्य नहीं था, लेकिन चुनाव संचालन समिति ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन बखूबी करते हुए जिस प्रकार समाज को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया, वह सराहनीय एवं अभिनंदनीय है।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार जैन सेवानिवृत्त आर. ए. एस., सदस्यगण श्री राजेन्द्र कुमार जैन शक्तिनगर जयपुर , श्री एम.पी.जैन सेवानिवृत निदेशक (सांख्यिकी), श्री ओमप्रकाश जैन एडवोकेट, श्री अशोक कुमार जैन नौगांवा वाले बधाई एवं प्रशंसा के पात्र हैं, सभी को हार्दिक बधाई एवं साधुवाद, जिन्होंने अपने प्रयासों, सूझबूझ एवं सामूहिक दायित्वबोध से चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में योगदान दिया और मतदान प्रक्रिया तथा सभी मतदाताओं को भोजन की सुचारू व्यवस्था का प्रबन्ध कराया। समिति का यह प्रयास समाज में एकता, विश्वास एवं भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में यादगार रहेगा।

अब समय की आवश्यकता है कि चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी पक्ष चुनावी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुटता के साथ महासभा के संगठनात्मक एवं सामाजिक विकास में अपना योगदान दें। निर्वाचित पदाधिकारियों एवं पूरी कार्यकारिणी का दायित्व है कि वे सभी को साथ लेकर चलें और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करें।

हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि महासभा के निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष श्री शिखर चंद जी कोटिया के कुशल नेतृत्व में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सभी पुराने गतिरोधों एवं मतभेदों को समाप्त कर सामाजिक समरसता, आपसी विश्वास एवं संगठनात्मक एकता को नई मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही समाज के सर्वांगीण विकास के लिए बहुआयामी एवं रचनात्मक कार्य करते हुए अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में सफल होगी।

आइए, हम सभी मिलकर एक ऐसे सशक्त, संगठित एवं समरस पल्लीवाल जैन समाज के निर्माण का संकल्प लें, जिसमें मतभेदों से ऊपर समाजहित और व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर सामूहिक विकास को प्राथमिकता मिले।

*एकता ही संगठन की शक्ति है।*

राजेन्द्र प्रसाद जैन
सम्पादक
श्री पल्लीवाल जैन डिजिटल पत्रिका

 

Leave a Reply