शिखर चंद जैन (कोटिया) अध्यक्ष, अमित जैन महामंत्री एवं सुशील जैन अर्थमंत्री निर्वाचित
जयपुर, 15 नवम्बर। अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा का केंद्रीय कार्यकारिणी निर्वाचन रविवार, 15 नवम्बर 2026 को जयपुर स्थित एस.एस. जैन सुबोध गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, सांगानेर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निर्वाचन में विभिन्न शहरों एवं राज्यों से पधारे समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार श्री शिखर चंद जैन (कोटिया) अध्यक्ष, श्री अमित जैन महामंत्री, तथा श्री सुशील जैन अर्थमंत्री निर्वाचित घोषित किए गए। इनके साथ समस्त निर्वाचित केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्यों ने भी निर्वाचन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की।
निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन व्यवस्था
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी श्री अनिल कुमार जैन एवं उनकी सहयोगी टीम की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उनके प्रशासनिक अनुभव, कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप 16 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की गई। संपूर्ण प्रक्रिया में अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखने के प्रयास किए गए।
व्यवस्थाओं एवं सहयोग के लिए विशेष आभार
निर्वाचन संचालन समिति द्वारा मतदान में भाग लेने वाले मतदाताओं तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भोजन एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई, जिसकी उपस्थित समाजबंधुओं ने सराहना की।
निर्वाचन हेतु एस.एस. जैन सुबोध गर्ल्स कॉलेज परिसर निःशुल्क उपलब्ध कराने तथा आयोजन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए एस.एस. जैन सुबोध शिक्षा समिति के मानद सचिव श्री सुमेर सिंह बोथरा, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रीता जैन एवं प्रोफेसर डॉ. रवि कुमार तिवारी के प्रति निर्वाचन संचालन समिति ने विशेष आभार व्यक्त किया।
समाज की एकता एवं संगठन की मजबूती की अपेक्षा
निर्वाचन संचालन समिति ने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त प्रत्याशियों, मतदाताओं, निर्वाचन अधिकारियों, सहयोगियों एवं देशभर से पधारे समाजबंधुओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
समिति ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महामंत्री, अर्थमंत्री एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा संगठनात्मक एकता, सामाजिक समरसता, शिक्षा, संस्कार, समाजसेवा एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
निर्वाचन संचालन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि चुनावी प्रक्रिया के सफल समापन के पश्चात सभी समाजबंधु आपसी सहयोग, सद्भाव एवं एकजुटता के साथ महासभा को सशक्त बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।
श्री अशोक जैन, सेवानिवृत्त RAS
अध्यक्ष, निर्वाचन संचालन समिति
अखिल भारतीय पल्लीवाल जैन महासभा, जयपुर