*अनेकांतवाद — मतभेद नहीं, दृष्टिकोण का अंतर*
आज का समय विचारों का समय है, लेकिन साथ ही टकराव का भी समय बनता जा रहा है हर व्यक्ति अपनी बात खुलकर कह रहा है, अपनी राय रख रहा है, और यह एक अच्छी बात है लेकिन समस्या वहाँ शुरू होती है जहाँ हमें लगने लगता है कि जो हम सोचते हैं वही अंतिम सत्य है, बाकी सब गलत हैं।
घर में छोटी-सी बात पर मतभेद हो जाता है काम की जगह पर विचार नहीं मिलते समाज में अलग-अलग मुद्दों पर लोग दो हिस्सों में बँट जाते हैं सोशल मीडिया पर तो जैसे हर व्यक्ति अपने-अपने “सत्य” के साथ खड़ा है, और कोई भी पीछे हटने को तैयार नहीं है धीरे-धीरे संवाद कम होता जाता है और टकराव बढ़ता जाता है।
ऐसे समय में *भगवान महावीर का अनेकांतवाद* एक बहुत गहरी और व्यावहारिक सीख देता है वे हमें यह समझाते हैं कि सत्य एक ही रूप में नहीं होता, बल्कि उसे अलग-अलग दृष्टिकोण से देखा जा सकता है इसका अर्थ यह नहीं कि सत्य बदल जाता है, बल्कि यह कि हमारी समझ सीमित होती है।
अगर सरल भाषा में कहें तो अनेकांतवाद हमें यह सिखाता है कि *हो सकता है मैं सही हूँ, लेकिन यह भी संभव है कि सामने वाला भी अपने दृष्टिकोण से सही हो* यह बात सुनने में बहुत साधारण लगती है, लेकिन अगर इसे जीवन में उतार लिया जाए, तो बहुत सारे विवाद अपने आप समाप्त हो सकते हैं।
हम अक्सर यह गलती करते हैं कि हम केवल अपने अनुभव, अपनी सोच और अपने नजरिए से चीज़ों को देखते हैं हमें लगता है कि जो हम देख रहे हैं, वही पूरा सच है लेकिन सच यह है कि हर व्यक्ति अपने-अपने अनुभवों और परिस्थितियों के आधार पर सोचता है इसलिए उसका नजरिया हमसे अलग होना स्वाभाविक है।
मान लीजिए, एक ही घटना को पाँच लोग देखते हैं हर व्यक्ति उसे अलग तरीके से समझेगा कोई उसमें अच्छाई देखेगा, कोई कमी देखेगा, कोई अवसर देखेगा और कोई समस्या इसका मतलब यह नहीं कि कोई एक ही सही है और बाकी गलत हैं, बल्कि यह कि हर किसी ने उस घटना को अपने-अपने दृष्टिकोण से देखा है।
समस्या तब होती है जब हम अपने दृष्टिकोण को ही अंतिम मान लेते हैं और दूसरों के नजरिए को स्वीकार नहीं करते यहीं से मतभेद, विवाद और दूरी पैदा होती है।
आज हम सुनते कम हैं, बोलते ज्यादा हैं,समझते कम हैं और प्रतिक्रिया ज्यादा देते हैं , हमें अपनी बात कहने की जल्दी होती है, लेकिन सामने वाले की बात को पूरी तरह सुनने का धैर्य कम होता जा रहा है अनेकांतवाद हमें यही सिखाता है कि पहले समझो, फिर निर्णय लो।
यह सिद्धांत हमें सहिष्णुता सिखाता है, लेकिन उससे भी ज्यादा यह हमें विनम्र बनाता है यह हमें यह एहसास कराता है कि हमारी सोच ही अंतिम नहीं है, और यह एहसास ही हमें बेहतर इंसान बनाता है।
अगर हम इसे अपने रोजमर्रा के जीवन में देखें, तो यह बहुत छोटे-छोटे रूप में काम आता है। जैसे जब घर में कोई अलग राय रखे, तो उसे तुरंत गलत न कहें, जब कोई सहकर्मी हमसे असहमत हो, तो उसे सुनने की कोशिश करें, जब कोई हमारे विचारों से अलग सोचता हो, तो उसे समझने का प्रयास करें।
यह सब करना आसान नहीं है, क्योंकि हमारा अहंकार बीच में आ जाता है हमें लगता है कि अगर हमने दूसरे की बात मान ली, तो हम हार गए लेकिन सच यह है कि समझना हारना नहीं होता, बल्कि परिपक्व होना होता है।
आज के समय में, जहाँ समाज विचारों के आधार पर बँटता जा रहा है, अनेकांतवाद हमें जोड़ने का काम कर सकता है यह हमें सिखाता है कि मतभेद होना गलत नहीं है, लेकिन मतभेद को संघर्ष में बदल देना गलत है।
अगर हम इस पूरे विचार को एक छोटी-सी आदत में बदलना चाहें, तो बस इतना कर सकते हैं कि अगली बार जब कोई हमसे असहमत हो, तो हम तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय एक क्षण रुकें और यह सोचें *क्या मैं सामने वाले को सच में समझने की कोशिश कर रहा हूँ, या सिर्फ अपनी बात साबित करने में लगा हूँ*
शायद यही से बदलाव शुरू होता है और यही भगवान महावीर स्वामी के अनेकांतवाद की सफलता है