स्वामी विवेकानंद जी कहा करते थे कि असफलता ही तो सफलता का आधार होती हैं ! अगर आपने कभी असफलता का सामना नहीं किया तो इसका सीधा सा एक मतलब यह भी है कि आपने कभी कुछ नया करने का प्रयास भी नहीं किया !
सफलता न मिलना चिंतनीय विषय नहीं लेकिन सफलता के लिए यथाशक्ति प्रयास न किया जाना अवश्य चिंतनीय विषय है ! प्रयत्न करते हुए असफल हो जाने की अपेक्षा प्रयत्न न करते हुए असफल हो जाना अधिक अपमानजनक है !
एक बात और मनुष्य सफलता से उतना नहीं सीखता जितना असफलता से सीखता है ! असफलता सदैव एक अनुभवी इन्सान को जन्म देती है !
असफल बन जाओ कोई बात नहीं लेकिन अप्रयत्न शील कभी मत बनो ! असफल व्यक्ति के जीवन में सफल होने के शत प्रतिशत अवसर होते हैं, जब तक वो प्रयत्नशील बना रहे !
सम्मानीय एवं पूजनीय आपकी सफलता नहीं अपितु आपका संघर्ष, आपका प्रयत्न होता है ! सफल लोग कुछ नया नहीं करते अपितु प्रयत्नशील लोग जरूर एक न एक दिन कुछ नया करने की क्षमता रखते हैं !
आपका आत्मबल सदैव बना रहना चाहिए ! आपकी हिम्मत कभी कमजोर नहीं पड़नी चाहिए ! निरंतर प्रयत्नशील बने रहें, सफलता मिले न मिले लेकिन सम्मान जरूर मिलेगा !
हिम्मत ना हारिये, प्रभु ना बिसारिये !
हँसते मुस्कुराते हुए, जिन्दगी गुजारिये !!