सादर जय जिनेन्द्र |
पर्युषण पर्व की आप सभी को बहुत – बहुत शुभकामनाएं। पर्युषण में त्यागी, व्रतियों और तपस्या करने वालों की बहुत – बहुत अनुमोदना एवं बधाई । पर्युषण महापर्व क्षमावाणी पर्व के साथ समाप्त होता है। पर्युषण महापर्व हमें मौका देता है कि हम अपने किये कर्मों और विचारों के लिए सब से क्षमा मांगे और अच्छा जीवन व्यतीत करें। अपने दोषों की पहचान कर उन्हें सुधारना ही सच्ची क्षमावाणी है क्षमा सबसे बड़ा धर्म है यह आत्मा को मुक्ति दिलाने वाला पर्व है। क्षमावाणी का दिन बहुत खास है क्योंकि यह हमें उन सभी कार्यों कटु शब्दों या जाने अनजाने में हुए गलतियों के लिए क्षमा मांगने का अधिकारिक मौका देता है। आत्मशुद्धि के इस पवित्र अवसर पर मेरे द्वारा जाने-अनजाने में हुई समस्त भूलों के लिए मन, वचन, काया से उत्तम क्षमा, मिच्छामि दुक्कड़म |
श्री आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान, अलवर में दिनांक 25 एवं 26 अगस्त, 2024 को महासभा का दो दिवसीय अधिवेशन सम्पन्न हुआ है। इस अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सभी सामाजिक बन्धुओं का और दानदाताओं का मैं हृदय से आभारी रहूंगा क्योंकि आपके अर्थदान से ही महासभा द्वारा विधवा पेंशन की पांच माह की राशि एक साथ जारी की गई है। इसके लिए आप सभी को कोटि-कोटि धन्यवाद। साथ ही मेरा सभी से हाथ जोड़कर व्यक्तिगत अनुरोध है कि कृपया पेंशन सहायता मद में अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करें जिससे माताओं और बहिनों की पेंशन कभी बन्द ना हो।
बन्धुओं महासभा में पिछले कुछ समय से चल रहे गतिरोध के कारण महासभा द्वारा किये जाने वाले समाज हित के कार्यों की गति रुक सी गई थी। पूर्व महामंत्री जी द्वारा महासभा का बैंक खाता ट्रान्सफर नहीं करवाना, पल्लीवाल पत्रिका में से भी महासभा के बैंक खाता नम्बर एवं पेंशन फण्ड की जानकारी देना बन्द करना आदि ऐसे अनेकों गतिरोधों के कारण साधार्मिक बन्धुओं में असमंजस की स्थिति पैदा होने के कारण पेंशन मद में दान राशि आना लगभग बन्द हो गई। इस कारण पिछले कुछ महिनों से पेंशन राशि जारी करने में व्यवधान उत्पन्न हो गया किन्तु मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी से सहयोग से अब भविष्य में पेंशन सहायता नहीं रूकेगी। समाज हित के कार्यों में धन की कमी नहीं आयेंगी ।
बन्धुओं पेंशन सहायता मद में मार्च 2024 तक की समस्त पेंशन जारी की जा चुकी थी। अप्रेल से अगस्त, 2024 तक कुल पांच माह की चार लाख रूपये की राशि इस मद से जारी की गई है। कुछ तकनीकी समस्याओं के कारण बाकी की पेंशन जारी करने में समय लग रहा है किन्तु मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि अब नई ऊर्जा के साथ हम सभी मिल कर कार्य कर रहे है और अक्टूबर या नम्बर माह तक सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान करते हुए सभी की पेंशन राशि जारी हो जायेंगी। पिछले पांच महिनों से पेंशन राशि जारी नहीं होने के कारण होने वाली असुविधा के लिए मैं उन सभी माताओं और बहिनों से हाथ जोड़ कर क्षमा चाहता हूं और महासभा की तरफ से कोशिश करूंगा कि अब पेंशन राशि नहीं रूके। इन्हीं मंगल भावनाओं के साथ एक बार पुनः उत्तम क्षमा ।
(भाग चन्द जैन )
राष्ट्रीय अर्थमंत्री